शाहरुख खान के साथ फिल्म 'जोश' में काम कर चुके अभिनेता शरद कपूर का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वे बेहद खराब हालत के कमरे में चार कुत्तों के साथ नजर आ रहे हैं। इस वायरल वीडियो के बाद उन पर एनिमल क्रूएलिटी के आरोप लगे थे, लेकिन जांच में यह बात सामने आई कि मामला क्रूएलिटी का नहीं, बल्कि एक्टर की खुद की स्वास्थ्य समस्याओं से जुड़ा है। पैर में गंभीर चोट के कारण वे अपने कुत्तों की देखभाल करने में असमर्थ हो गए थे।
वायरल वीडियो और एनिमल क्रूएलिटी का सच
बेजुबान पब्लिक वेलफेयर ट्रस्ट की संस्थापक हेमा चौधरी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शरद कपूर के कई वीडियो साझा किए। उनके मुताबिक, कुछ समय पहले उनसे चार कुत्तों को रेस्क्यू करने के लिए एंबुलेंस की मांग की गई थी और दावा किया गया था कि यह एनिमल क्रूएलिटी का मामला है।
जब हेमा मौके पर पहुंचीं, तो स्थिति अलग थी। उन्होंने पाया कि एक्टर ने कुत्तों के साथ किसी तरह की क्रूएलिटी नहीं की है, बल्कि वे खुद गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे हैं। हेमा के अनुसार, जिस फाउंडेशन ने एंबुलेंस मांगी थी, वह एक्टर की मदद नहीं कर रहा था। इसके अलावा, संजय दत्त के घर से खाना भेजे जाने के दावे भी गलत साबित हुए, क्योंकि मौके पर न तो किसी तरह का भोजन मिल रहा था और न ही कमरे की सफाई हो रही थी।
बार्सिलोना में फुटबॉल खेलते वक्त लगी थी चोट
शरद कपूर ने अपनी शारीरिक स्थिति के बारे में बताते हुए कहा कि बार्सिलोना में कुछ अनुभवी खिलाड़ियों के साथ फुटबॉल खेलते वक्त उनके पैर में गंभीर चोट लग गई थी। खेल के दौरान एक अन्य खिलाड़ी का पैर उनके पैर से टकरा गया था, जिसके बाद से वे चलने-फिरने और अपनी देखभाल करने में भी परेशानी महसूस कर रहे हैं।
हेमा चौधरी के मुताबिक, अभिनेता पिछले कुछ समय से शारीरिक परेशानियों से घिरे हुए हैं। उनके घर में पत्नी और नवजात बच्चा भी हैं, ऐसे में चार कुत्तों की जिम्मेदारी संभालना परिवार के लिए बेहद मुश्किल हो गया था। हेमा अभिनेता को करीब 30 साल से जानती हैं और मौजूदा हालात की जानकारी मिलने के बाद वे उनसे मिलने पहुंची थीं।
YODA सेंटर भेजे गए कुत्ते, CINTAA से लगाई मदद की गुहार
शरद कपूर की स्थिति की खबर मिलने के बाद अभिनेत्री जया भट्टाचार्या भी उनसे मिलने उनके घर पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने एक वीडियो जारी किया, जिसमें शरद इंडस्ट्री के लोगों से मदद मांगते नजर आए।
वीडियो में शरद कपूर ने कहा- "मैं CINTAA से अपील करता हूं कि मैं अच्छे काम की तलाश में हूं। मुझे आपकी मदद की जरूरत है। आपने हमेशा मदद की है। अगर आप मदद कर सकें, तो मैं बहुत शुक्रगुजार रहूंगा।"
फिलहाल, चारों कुत्तों को कुछ समय के लिए YODA के सेंटर में रखने की व्यवस्था कर दी गई है। वीडियो में शरद कहते दिख रहे हैं कि उनके घर के हालात अभी ठीक नहीं हैं, लेकिन नए बंगले में शिफ्ट होने के बाद वे YODA से अपने कुत्तों को वापस ले लेंगे क्योंकि वे उनके बिना नहीं रह सकते।
