शहडोल जिले के जैतपुर थाना क्षेत्र में अवैध रेत भंडारण के खिलाफ राजस्व, माइनिंग और पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस और प्रशासनिक अमले ने क्षेत्र के 8 अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर अवैध रूप से स्टॉक की गई 310 ट्रॉली (930 घन मीटर) रेत जब्त की है। अधिकारियों के मुताबिक, मौके पर ही जेसीबी की मदद से रेत में मिट्टी मिलवाकर उसे नष्ट करा दिया गया।
यह कार्रवाई जैतपुर थाना क्षेत्र के लुकामपुर, खोड़री, डोंगरी टोला, गलहथा, गाडघाट, कोटरी और रसमोहनी गांवों में की गई। इन इलाकों में स्थानीय कुनुक नदी से अवैध रूप से रेत का उत्खनन कर बड़े पैमाने पर भंडारण किया जा रहा था।
कुनुक नदी से होता था अवैध उत्खनन
प्रशासनिक जांच में सामने आया है कि जैतपुर इलाके में सक्रिय रेत माफिया कुनुक नदी के अलग-अलग घाटों से अवैध उत्खनन कर रहे थे। नदी से निकालकर इस रेत को सुनसान इलाकों और ग्रामीण सीमाओं पर डंप किया जा रहा था, ताकि बाजार में इसकी सप्लाई की जा सके। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर राजस्व अमले और खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने इन सभी 8 डंपिंग पॉइंट्स पर एक साथ दबिश दी।
छापेमारी के दौरान जब्ती की कार्रवाई के बाद मौके पर ही भारी मशीनें मंगाई गईं। जप्त की गई लाखों रुपये की रेत को दोबारा इस्तेमाल में न लाया जा सके, इसलिए जेसीबी के जरिए उसमें मिट्टी मिलाकर पूरी तरह से अमानक और नष्ट कर दिया गया।
आगे की कार्रवाई
प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि अवैध रेत के इस अवैध कारोबार में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। खनिज अधिनियम के तहत मामलों में संलिप्त पाए जाने वाले स्थानीय ऑपरेटरों और परिवहन में लगे वाहनों की भी जांच की जा रही है। जिला प्रशासन ने साफ किया है कि अवैध खनन और भंडारण के खिलाफ इस तरह के संयुक्त अभियान आगे भी जारी रहेंगे।
