जयपुर के भाजपा प्रदेश मुख्यालय में हुए एक कार्यक्रम में श्रीगंगानगर के पूर्व जिला प्रमुख पृथ्वीराज मील ने अपने समर्थकों के साथ भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। पार्टी प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने उन्हें और उनके दर्जनभर से अधिक साथियों को पार्टी का दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया।
इस दौरान प्रदेश प्रभारी संजय भाटिया और प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगडी भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में जमीदारा छात्र संगठन श्रीगंगानगर के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष प्रदीप मटोरिया, पूर्व सरपंच धर्मपाल बेनीवाल सहित शब्बीर खान, संजय अग्रवाल, अंकुर छाबडा, कमल रेगर, डालाराम नायक, महेंद्र जाखड, राजीव मेहता, महावीर बेनीवाल और पवन सारस्वत ने भी भाजपा का दामन थामा।
पंजाब चुनाव और स्थानीय निकाय चुनावों पर फोकस
पार्टी की सदस्यता लेने के बाद पृथ्वीराज मील ने पंजाब विधानसभा चुनाव में भाजपा को मजबूत करने का आश्वासन दिया है। प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि पंजाब की सीमा से लगे क्षेत्रों में सामाजिक और भाषाई समानताएं होने के कारण मील और उनके समर्थकों की सक्रियता से पार्टी को फायदा मिलेगा।
राठौड़ के मुताबिक, पंचायत चुनावों से लेकर आगामी विधानसभा चुनावों तक इन नए कार्यकर्ताओं की जनसंपर्क क्षमता का पूरा उपयोग संगठन विस्तार में किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने में ऐसे स्थानीय नेताओं का जुड़ना अहम माना जा रहा है।
