उत्तर प्रदेश की राजनीति में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी को बड़ा सियासी नुकसान हुआ है। सपा के तीन बागी विधायक — राकेश प्रताप सिंह, अभय सिंह और विनोद चतुर्वेदी — बुधवार को आधिकारिक रूप से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए। लखनऊ में आयोजित पार्टी कार्यक्रम में सैकड़ों समर्थकों की मौजूदगी में इन तीनों नेताओं ने भगवा पटका पहना।
यह तीनों नेता पहले ही राज्यसभा चुनाव के दौरान पार्टी व्हिप के खिलाफ जाकर क्रॉस वोटिंग कर चुके थे, तभी से उनके पाला बदलने के कयास लगाए जा रहे थे।
कौन सी सीटें हुईं प्रभावित
बीजेपी का दामन थामने वाले तीनों विधायक उत्तर प्रदेश के अलग-अलग अहम क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करते हैं। इनमें अमेठी जिले की गौरीगंज सीट से राकेश प्रताप सिंह, अयोध्या की गोसाईगंज सीट से अभय सिंह और जालौन की कालपी सीट से विनोद चतुर्वेदी शामिल हैं। इन तीनों के पाला बदलने से सपा का उन विधानसभा क्षेत्रों में समीकरण कमजोर हुआ है जहां इनकी मजबूत स्थानीय पकड़ मानी जाती है।
कार्यकर्ताओं के दबाव और समर्थन पर लिया फैसला: राकेश प्रताप सिंह
पार्टी ज्वाइन करने के बाद मीडिया से बातचीत में गौरीगंज विधायक राकेश प्रताप सिंह ने दावा किया कि उनके इस कदम के पीछे उनके निर्वाचन क्षेत्र की जनता और जमीनी कार्यकर्ताओं की इच्छा थी।
राकेश प्रताप सिंह ने कहा- "मैं अपने निर्वाचन क्षेत्र के लोगों को हार्दिक बधाई देता हूं, जिन्होंने मुझे सही मार्गदर्शन दिया। उन्होंने मुझे भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने के लिए प्रोत्साहित किया और अपने पूर्ण समर्थन का भरोसा दिया।"
सिंह ने यह भी दावा किया कि उनके साथ बूथ स्तर के करीब 98 प्रतिशत जमीनी कार्यकर्ता भी समाजवादी पार्टी छोड़कर भाजपा के पाले में आ जाएंगे। अपने विरोधियों पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि उनका विरोधियों के लिए कोई खास संदेश नहीं है, भगवान राम उन पर भी अपनी कृपा बनाए रखें।
विकास कार्यों से प्रभावित होकर बदला पाला: विनोद चतुर्वेदी
कालपी विधायक विनोद चतुर्वेदी ने भाजपा में शामिल होने की वजह केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों को बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुंदेलखंड क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास कार्य किए हैं।
चतुर्वेदी ने कहा- "सरकार की योजनाएं बिना किसी भेदभाव के हर वर्ग तक पहुंच रही हैं। इसी विकास नीति और नेतृत्व में अटूट विश्वास के कारण हमने यह निर्णय लिया है।"
आगे और भी नेता छोड़ेंगे सपा: जयवीर सिंह
कार्यक्रम में मौजूद उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री जयवीर सिंह ने इस घटनाक्रम को विपक्षी खेमे में बड़ी टूट की शुरुआत करार दिया। उन्होंने कहा कि यह सिलसिला अभी थमेगा नहीं और आने वाले दिनों में और भी कई नेता भाजपा का रुख करेंगे।
जयवीर सिंह के मुताबिक, यह तो महज शुरुआत है और जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आएंगे, विपक्ष का कुनबा औरछितरा होता जाएगा।
{ "@context": "https://schema.org", "@graph": [
] }
