भारत में सैटेलाइट इंटरनेट सेवा स्टारलिंक के लाइसेंस को लेकर छिड़ी बहस में अब अभिनेत्री और सांसद कंगना रनोट भी कूद पड़ी हैं। उन्होंने अभिनेता और राज्यसभा सांसद कमल हासन के उस बयान की सराहना की है, जिसमें हासन ने अरबपतियों द्वारा देश की नीतियां तय किए जाने का विरोध किया था।
कमल हासन की पोस्ट पर कंगना की प्रतिक्रिया
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कंगना ने कमल हासन की टिप्पणी को साझा किया। उन्होंने लिखा, “ओह!! यह तो चुभ गया होगा।” इसके साथ ही उन्होंने अरबपतियों की भूमिका पर टिप्पणी करते हुए कहा कि किसी भी उद्योगपति को किसी देश की नीतियां तय करने का अधिकार नहीं होना चाहिए, चाहे वह भारत हो या अमेरिका। कंगना ने हासन के बयान को तीखा, सटीक और व्यंग्यात्मक बताया।
क्या है पूरा विवाद?
यह पूरा घटनाक्रम उस समय शुरू हुआ जब एलन मस्क ने भारत में स्टारलिंक को अब तक लाइसेंस नहीं मिलने पर सार्वजनिक रूप से सवाल खड़े किए थे। मस्क ने प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा था कि उनकी कंपनी दुनिया के 165 से ज्यादा देशों में सेवाएं दे रही है और पिछले पांच साल से भारतीय कानूनों और सभी जरूरी शर्तों का पालन कर रही है। इसके बावजूद अनुमति मिलने में हो रही देरी पर सवाल उठाते हुए उन्होंने देश के कारोबारी ढांचे को लेकर तंज कसा था।
कमल हासन का पलटवार
मस्क के इस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए मक्कल निधि मइम (MNM) के प्रमुख और राज्यसभा सांसद कमल हासन ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि भारत एक संप्रभु और लोकतांत्रिक देश है। उन्होंने दो टूक कहा कि देश का भविष्य यहां की जनता तय करेगी, न कि कोई विदेशी अरबपति।
हासन ने अपनी पोस्ट में लिखा था कि भारत दुनिया के हर निवेशक और तकनीक का स्वागत करता है, लेकिन नीतियों का निर्धारण बाहरी स्वार्थी तत्वों या दोहरे मानदंडों के आधार पर नहीं किया जा सकता। आंतरिक मुद्दों पर देश के नागरिक खुद बहस करने और सुधार करने में सक्षम हैं।
