लाडनूं उपखंड के ग्राम लुकास में 21 अगस्त की रात को चार टन वजनी तिजोरी को उखाड़कर 25 लाख की चोरी का पुलिस ने मात्र 10 दिनों के भीतर ही खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में चार शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है और वारदात में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो गाड़ी को भी जब्त किया है। यह सभी आरोपी पेशेवर चोर है और उनके खिलाफ अलग-अलग पुलिस थानों में दर्जनों मुकदमे दर्ज है। इस चोरी की घटना का पुलिस खुलासा करने के लिए पुलिस ने 8 टीमों का गठन किया ओर लगातार 10 दिनों तक अभियान चलाया। पुलिस ने 500 से अधिक सीसीटीवी कैमरो की फुटेज को खंगाला ओर पहाड़ी व दुर्गम इलाकों में ड्रोन उड़ाकर चोरों की तलाश की। इसके अलावा तकनीकी विश्लेषण और फील्ड इंटेलिजेंस के आधार पर पुलिस ने आरोपियों का रूट ट्रेस तैयार किया, तब जाकर उसे सफलता मिली। आपको बता दें कि 22 अगस्त की रात को स्कॉर्पियो गाड़ी में सवार होकर आए बदमाशों ने लुकास गांव निवासी गोपालराम के घर को निशाना बना दिया था। चोरों ने स्कॉर्पियो गाड़ी को मकान के पीछे लगाकर खिड़कियों की ग्रिल तोड़कर मकान में प्रवेश किया और मकान में रखी 4 क्विंटल वजनी लोहे की तिजोरी को तोड़कर गाड़ी में डालकर ले गए। तिजोरी में 3.50 लाख रुपए नकदी के साथ ही लगभग 22 लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवरात रखे थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत हरकत में आई और एसपी डॉ. प्यारेलाल शिवरान खुद मौके पर पहुंचे। उसके बाद मौके पर एफएसएल और एमओबी टीमों को बुलाकर साक्ष्य उठाए गए। साथ ही आठ अलग-अलग टीमों का गठन कर चोरों की तलाश शुरू की। इस दौरान पुलिस ने घटना स्थल से लेकर आरोपियों के जाने वाले मार्ग, टोल प्लाजा, होटल, ढाबों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर लगे 500 से अधिक सीसीटीवी कैमरो की फुटेज को खंगाला। साथ ही चोरों के आने जाने के रूट का निर्धारण कर लगातार पीछा किया। एसपी ने बताया कि सभी चोर ग्रामीण और दूरस्थ पहाड़ी व दुर्गम क्षेत्रों की ओर चले गए थे, जहां आने जाने के कोई रास्ते नहीं थे और ना ही सीसीटीवी कैमरे थे। जिससे जांच चुनौतीपूर्ण हो गई। जिस पर पुलिस ने ड्रोन से आरोपियों के ठिकानों की तलाश की। इसी बीच पुलिस को नारनौल से चोरों का इनपुट मिला। इसके बाद पुलिस ने जाल बिछाया और सभी आरोपितों को धर दबोचा।एसपी प्यारेलाल शिवरान ने बताया कि पुलिस ने नीम का थाना के चंद्रपाल उर्फ सीपी, अजीतगढ़ के मुकेश मीणा उर्फ डेड फुटिया, जयपुर के गौरव डोरिया उर्फ जागा तथा अलवर जिले के नरेश उर्फ दिनेश मीणा को गिरफ्तार किया है। एसपी ने बताया कि सभी गिरफ्तार आरोपी शातिर और आदतन अपराधी है। इनके खिलाफ राजस्थान के विभिन्न पुलिस थानों में चोरी, नकबजनी, लूट, डकैती, धोखाधड़ी और आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मामले दर्ज है। फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है और चोरी किए गए माल को बरामद करने में जुटी है।
निम्बी जोधा थाना क्षेत्र के लुकास गांव में हुई चोरी की वारदात का खुलासा
राज्य समाचार
