जयपुर के नाहरगढ़ बायोलॉजिकल पार्क में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे में बाघ के हमले से महिला कर्मचारी की मौत हो गई। घटना के बाद पार्क परिसर और आसपास के ग्रामीण इलाकों में हड़कंप मच गया है। वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर बाघ को ट्रैंकुलाइज किया और उसके कब्जे से महिला का शव बरामद किया।
यह घटना पार्क के एन्क्लोजर नंबर 16 में हुई, जहां सुगना देवी समेत छह से सात महिला श्रमिक घास काटने के लिए गई थीं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, ये महिलाएं मंगलवार को भी इसी एन्क्लोजर में घास काटने गई थीं और बुधवार सुबह छूटा हुआ काम पूरा करने दोबारा अंदर पहुंची थीं। इसी दौरान बाघ 'शिवाजी' अचानक बाड़े में आ गया और उसने सुगना देवी को दबोच लिया।
जान बचाने के लिए पेड़ों और बाड़ पर चढ़ीं महिलाएं
बाघ के हमले के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। साथ काम कर रही अन्य महिलाओं ने अपनी जान बचाने के लिए भागदौड़ शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दहशत में कुछ महिलाएं बाड़ पर चढ़ गईं तो कुछ ने पेड़ों पर शरण लेकर किसी तरह अपनी जान बचाई, जबकि बाघ सुगना देवी को खींचकर ले गया था।
घटनास्थल पर मोबाइल नेटवर्क की समस्या के कारण वन विभाग के अधिकारियों से तुरंत संपर्क नहीं हो पाया। सूचना मिलने के बाद अधिकारी और एक विशेष दल मौके पर पहुंचा, जिसने कड़ी मशक्कत के बाद बाघ को नियंत्रित किया और पेड़-बाड़ पर फंसी अन्य महिलाओं को सुरक्षित नीचे उतारा।
लापरवाही और मुआवजे को लेकर ग्रामीणों का प्रदर्शन
घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने पार्क के बाहर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। स्थिति को संभालते हुए उप वन संरक्षक (DCF) आशीष व्यास, पुलिस अधिकारी पीयूष और स्थानीय विधायक प्रशांत शर्मा ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों से बातचीत की।
इस दौरान ग्रामीणों ने मांग की कि एन्क्लोजर का गेट खोलने वाले कर्मचारी की भूमिका की जांच के लिए सीसीटीवी फुटेज की समीक्षा की जाए। परिजनों ने बताया कि मृतका सुगना देवी ही अपने परिवार का मुख्य सहारा थीं, क्योंकि उनके पति हाल ही में करंट लगने से गंभीर रूप से झुलस गए थे और उनका इलाज चल रहा है।
मुआवजे और नौकरी का आश्वासन
ग्रामीणों के विरोध के बीच प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ मुआवजे को लेकर बातचीत जारी है। डीसीएफ आशीष व्यास ने लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया है।
इसके साथ ही, वन विभाग और प्रशासन ने पीड़ित परिवार को सरकारी नियमों के तहत आर्थिक सहायता दिलाने और मृतका के बच्चों को जू में संविदा पर केयरटेकर की नौकरी देने का प्रस्ताव सरकार को भेजने का आश्वासन दिया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
