ट्रेन में बिना टिकट सफर पर अब 500 रुपये जुर्माना
रेल यात्रियों के लिए बड़ा बदलाव लागू हो चुका है। जानकारी के मुताबिक आपको बता दे रेल मंत्रालय ने रेलवे एक्ट में संशोधन करते हुए बिना टिकट यात्रा करने पर लगने वाले न्यूनतम जुर्माने को 250 रुपये से बढ़ाकर 500 रुपये तक कर दिये है। मंत्रालय द्वारा जारी अधिसूचना के मुताबिक यह नियम तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है। अब यदि कोई यात्री बिना टिकट या गलत टिकट के साथ यात्रा करते हुए पकड़ा जाता है तो उसे यात्रा का पूरा किराया चुकाने के साथ कम से कम 500 रुपये अतिरिक्त जुर्माना भी देना अनिवार्य होगा। यानी बिना टिकट सफर करना अब पहले की तुलना में काफी महंगा पड़ने वाला है। रेलवे ने टिकटों के गलत इस्तेमाल पर भी सख्ती बढ़ा दी है। यदि कोई व्यक्ति दूसरे के नाम पर बुक किए गए टिकट पर यात्रा करता हुआ पकड़ा जाता है तो उसका टिकट जब्त किया जा सकता है और उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई तय की जाएगी रेल मंत्रालय ने बताया कि बिना टिकट यात्रा पर जुर्माने में यह बढ़ोतरी लगभग 13 साल बाद की गई है। इससे पहले वर्ष 2013 में जुर्माना 50 रुपये से बढ़ाकर 250 रुपये किया गया था। रेलवे का मानना है कि बढ़ते यात्रियों और नियमों के उल्लंघन की घटनाओं को देखते हुए यह संशोधन आवश्यक था। नए नियमों के तहत केवल बिना टिकट यात्रा ही नहीं, बल्कि रेलवे परिसरों में होने वाली अन्य अवैध गतिविधियों पर भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों पर बिना अनुमति सामान बेचने, फेरी लगाने या भीख मांगने वालों पर 2000 रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकेगा। इसके अलावा बार-बार नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ जेल की सजा का भी प्रावधान है।
रेलवे बोर्ड ने देश के सभी जोनल रेलवे को निर्देश जारी करते हुए साफ़ सन्देश दिए हैं कि नए नियमों की जानकारी टिकट चेकिंग स्टाफ, कमर्शियल विभाग और अन्य संबंधित कर्मचारियों तक तुरंत पहुंचाई जाए, ताकि संशोधित प्रावधानों के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि इन बदलावों का उद्देश्य यात्रियों में नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना, बिना टिकट यात्रा पर रोक लगाना और रेलवे की व्यवस्था को अधिक अनुशासित बनाना है। ऐसे में यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे यात्रा से पहले वैध टिकट जरूर लें और किसी अन्य व्यक्ति के नाम पर जारी टिकट का उपयोग न करे वरना उन पर भारी जुर्माना और कानूनी कार्रवाई हो सकती है।

