राजस्थान के झुंझुनूं जिले के उदयपुरवाटी क्षेत्र के छापोली गांव में कदम कुंड मार्ग पर सड़क निर्माण के दौरान बड़ा हादसा हो गया। रोड़ी मिलाने वाली एक मशीन ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आ गई, जिससे मशीन में उतरे करंट की चपेट में आने से मौके पर ही 8 मजदूरों की मौत हो गई।
इस दुर्घटना में 5 अन्य मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए हैं। सभी घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां कुछ की हालत नाजुक बनी हुई है। एक साथ आठ मजदूरों की जान जाने के बाद छापोली गांव और आसपास के इलाकों में शोक की लहर दौड़ गई है। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई
सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अमला तुरंत मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रण में लिया। उदयपुरवाटी एसएचओ रामपाल ने बताया कि सड़क निर्माण के दौरान बजरी और रोड़ी मिलाने के काम में लाई जा रही मशीन ऊपर गुजर रही हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आ गई थी। करंट फैलने से वहां काम कर रहे मजदूर संभल नहीं सके और इसकी चपेट में आ गए।
अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लेने के बाद घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए हैं। पुलिस हादसे के अन्य तकनीकी पहलुओं और सुरक्षा मानकों की भी जांच कर रही है।
मुख्यमंत्री ने जताया शोक
इस दर्दनाक हादसे पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर दुख जताया है। उन्होंने लिखा कि झुंझुनूं में हुए इस हादसे में श्रमिकों की असामयिक मृत्यु अत्यंत दुखद है।
मुख्यमंत्री ने संबंधित जिला अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार और प्रभावित परिवारों को तत्काल हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, उन्होंने घटना की जांच के भी आदेश दिए हैं।
