उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से ठीक पहले प्रदेश की राजनीति में एक नए सियासी समीकरण की इबारत लिखी गई है। ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष व नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद ने हाथ मिला लिया है। गुरुवार को लखनऊ में हुई एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में दोनों नेताओं ने नए गठबंधन के रूप में 'सामाजिक परिवर्तन मोर्चा' के गठन का आधिकारिक ऐलान किया।
इस राजनीतिक गठजोड़ का मुख्य आधार दलित और मुस्लिम वोटों को एक मंच पर लाना बताया गया है। मोर्चे ने साफ किया है कि वह उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगा। सबसे बड़ा राजनीतिक दांव यह चला गया है कि AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने चंद्रशेखर आजाद को इस मोर्चे की तरफ से मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित किया है।
सपा के PDA समीकरण को चुनौती और विपक्षी दलों की प्रतिक्रिया
इस नए मोर्चे के मैदान में आने से समाजवादी पार्टी के 'PDA' (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) फॉर्मूले के सामने एक बड़ी चुनौती खड़ी होती दिख रही है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि दलित-मुस्लिम वोटों के ध्रुवीकरण की यह कोशिश राज्य के अन्य दलों के गणित को प्रभावित कर सकती है। हालांकि, विपक्षी दलों का दावा है कि इस गठबंधन से अंततः भारतीय जनता पार्टी को चुनावी लाभ मिल सकता है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दोनों नेताओं ने युवाओं, किसानों और समाज के कमजोर वर्गों के अधिकारों को अपनी प्राथमिकता बताया। चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि 2012 के बाद से प्रदेश में उनके समाज पर लगातार अत्याचार हो रहे हैं। उन्होंने मौजूदा सरकार पर केवल व्यापारियों के हितों की पैरवी करने का आरोप लगाते हुए सत्ता में आने पर मुफ्त या गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, सुधरे हुए अस्पताल और रोजगार देने का वादा किया।
ओवैसी का तीखा अंदाज, आजम खान के मुद्दे पर घेरा
असदुद्दीन ओवैसी ने अपनी आक्रामक शैली में कहा कि यह मोर्चा यूपी की राजनीति में एक मजबूत विकल्प बनकर उभरेगा और उनका मुख्य लक्ष्य बीजेपी को सत्ता में तीसरी बार आने से रोकना है। ओवैसी ने कहा- "हम राजनीति भविष्य के लिए करेंगे। आज अब्दुल मुद्दा बन गया है, लेकिन अब अब्दुल दरी नहीं बिछा रहा है। अब्दुल बराबरी पर है और हम उसके साथ हैं।"
इसी कड़ी में चंद्रशेखर आजाद ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए आजम खान के बहाने बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि आजम खान किसकी वजह से जेल में हैं, यह पूरा प्रदेश जानता है। आजाद ने आरोप लगाया कि केवल वोट के लिए उनका इस्तेमाल किया गया और मुश्किल वक्त में उनकी लड़ाई किसी ने नहीं लड़ी।
