UP Police Recruitment Exam: आज से शुरू होगी पुलिस भर्ती परीक्षा, 42 हजार से ज्यादा अभ्यर्थी देंगे एग्जाम, कड़ी निगरानी के इंतजाम
ग्रेटर नोएडा: उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की ओर से पुलिस भर्ती परीक्षा सोमवार से शुरू हो रही है। यह परीक्षा 10 जून तक तीन दिनों में छह पालियों में आयोजित की जाएगी। जिले के 20 परीक्षा केंद्रों पर कुल 42,048 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। प्रशासन और पुलिस विभाग ने परीक्षा को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं।
परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगी। परीक्षा शुरू होने से पहले पुलिस आयुक्त और जिला प्रशासन ने सभी व्यवस्थाओं की समीक्षा कर अंतिम रूप दिया।
हर परीक्षा केंद्र पर रहेगा कड़ा सुरक्षा पहरा
जिला विद्यालय निरीक्षक चंद्रशेखर ने बताया कि परीक्षा संचालन के लिए 1008 से अधिक शिक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की तैनाती रहेगी।
अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले दस्तावेजों की जांच और बायोमेट्रिक सत्यापन प्रक्रिया से गुजरना होगा। सभी परीक्षा केंद्रों को सीसीटीवी कैमरों से लैस किया गया है। प्रवेश द्वार से लेकर परीक्षा कक्ष तक हर गतिविधि पर नजर रखी जाएगी।
कंट्रोल रूम से होगी लाइव मॉनिटरिंग
परीक्षा की निगरानी के लिए विशेष कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। सभी केंद्रों की लाइव फीड पुलिस लाइन स्थित कंट्रोल रूम से देखी जाएगी। परीक्षा में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी रोकने के लिए पुलिस प्रशासन ने खुफिया एजेंसियों की भी मदद ली है।
एलआईयू, एसटीएफ, साइबर सेल और अन्य विशेष इकाइयों को भी निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। अलग-अलग टीमें बनाई गई हैं जो पूर्व में परीक्षा में गड़बड़ी करने वाले लोगों और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखेंगी।
अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्रश्नपत्र लीक या वायरल होने जैसी अफवाहें फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी विशेष निगरानी रखी जाएगी।
इन वस्तुओं पर रहेगा प्रतिबंध
परीक्षा केंद्रों पर कई वस्तुओं को ले जाने की अनुमति नहीं होगी। अभ्यर्थी अपने साथ पेपर, पेंसिल बॉक्स, कैलकुलेटर, पर्स, कैप, ज्वेलरी और किसी भी प्रकार का खाद्य पदार्थ नहीं ले जा सकेंगे।
इसके अलावा मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, डिजिटल घड़ी, ब्लूटूथ डिवाइस, पेन ड्राइव, कैमरा, डिजिटल पेन, हेल्थ बैंड, चाबी और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे।
हालांकि प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जांच के दौरान अभ्यर्थियों को कलावा या मंगलसूत्र उतारने की आवश्यकता नहीं होगी।
समय से पहले पहुंचने की अपील
प्रशासन ने अभ्यर्थियों से परीक्षा केंद्र पर समय से पहले पहुंचने, प्रवेश पत्र और वैध पहचान पत्र साथ रखने तथा सभी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। अधिकारियों ने सेक्टर और जोनल मजिस्ट्रेटों को कंट्रोल रूम के साथ लगातार संपर्क में रहने और किसी भी स्थिति की तत्काल जानकारी देने के निर्देश दिए हैं।
परीक्षा को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी, स्वाट टीम, साइबर सेल और अन्य सुरक्षा एजेंसियों को भी विशेष जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।




