निर्वाचन आयोग के स्वीप कार्यक्रम के तहत मतदाता जागरूकता अभियान को गति देने के उद्देश्य से बुधवार को शहर में मतदाता जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली के माध्यम से शहरवासियों को लोकतंत्र के पर्व में अधिक से अधिक भागीदारी निभाने तथा अपने मताधिकार का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने का संदेश दिया गया। रैली में दिव्यांगजन, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं स्कूली विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर मतदान के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।रैली की शुरुआत शहर के चांग गेट स्थित महात्मा गांधी सर्किल से हुई। निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम जयपाल सिंह राठौड़, एएसपी डॉ. अनुकृति उज्जैनिया तथा समाज कल्याण अधिकारी विशाल सोलंकी ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। रैली में बड़ी संख्या में स्कूली विद्यार्थी और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता शामिल हुए। विद्यार्थियों एवं कार्यकर्ताओं ने हाथों में मतदान जागरूकता से संबंधित स्लोगन लिखी तख्खितयां थाम रखी थीं। रैली शहर के प्रमुख बाजारों एवं मार्गों से होकर गुजरी। इस दौरान विद्यार्थियों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए आमजन को मतदान के महत्व के बारे में जागरूक किया। हाथों में लिए स्लोगन और नारों के माध्यम से लोगों से लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की गई। रैली के दौरान प्रतिभागियों ने शत-प्रतिशत मतदान के लिए लोगों को प्रेरित किया। विभिन्न स्थानों पर आमजन का ध्यान आकर्षित करते हुए मतदान में किसी भी प्रकार की उदासीनता नहीं बरतने और पात्र मतदाताओं को अपने मताधिकार का उपयोग करने का संदेश दिया गया। मतदाता जागरूकता रैली के दौरान उपस्थित सभी लोगों को शत-प्रतिशत मतदान करने की शपथ भी दिलाई गई। अधिकारियों ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में प्रत्येक मत महत्वपूर्ण है। मतदाता जागरूकता अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक पात्र मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित करना है, ताकि लोकतंत्र में आमजन की भागीदारी सुनिश्चि हो सके। रैली में दिव्यांगजनों की सहभागिता भी विशेष रूप से रही। इसके माध्यम से यह संदेश दिया गया कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया में समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी महत्वपूर्ण है और प्रत्येक पात्र मतदाता को अपने मताधिकार का प्रयोग करना चाहिए। रैली के दौरान पुलिस प्रशासन की व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रहीं। रैली के निर्धारित मार्ग पर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मी तैनात रहे। रैली के शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित संचालन के लिए प्रशासन एवं पुलिस की ओर से आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं। स्वीप कार्यक्रम के तहत आयोजित इस जागरूकता रैली ने शहरवासियों के बीच मतदान को लेकर जागरूकता का संदेश पहुंचाया। रैली में शामिल विद्यार्थियों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने उत्साह के साथ भाग लेकर मतदान हमारा अधिकार ही नहीं, लोकतांत्रिक जिमम्मेदारी भी है का संदेश दिया।
मतदाता जागरूकता रैली में गूंजा शत-प्रतिशत मतदान का संदेश
आपणो राजस्थान
