उत्तर प्रदेश में राज्यसभा की 10 सीटों पर होने वाले चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी ने सोमवार को अपने सभी 8 उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए हैं। पार्टी ने सूची में सभी नए चेहरों को जगह दी है, जिसमें दो महिलाओं को भी शामिल किया गया है। खास बात यह है कि इस बार केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी और बीएल वर्मा का टिकट काट दिया गया है, जिसके बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं।
निर्वाचन आयोग के शेड्यूल के मुताबिक, 16 अक्टूबर को मतदान होना है, जबकि 6 अक्टूबर नामांकन दाखिल करने का आखिरी दिन है।
जातीय समीकरण और उम्मीदवारों की सूची
बीजेपी की इस नई सूची में सामाजिक संतुलन साधने की पूरी कोशिश की गई है। घोषित 8 प्रत्याशियों में दो ब्राह्मण, एक ठाकुर, तीन पिछड़े और दो दलित वर्ग से आते हैं। पिछड़ा वर्ग में एक लोधी, एक कुर्मी और एक पाल समाज को प्रतिनिधित्व दिया गया है, जबकि दलित वर्ग से एक खटीक और एक पासी समाज के चेहरे को मैदान में उतारा गया है।
पार्टी द्वारा घोषित 8 नए चेहरों में ये नेता शामिल हैं:
- धर्मपाल सिंह — योगी सरकार में पशुधन मंत्री और आंवला से विधायक धर्मपाल सिंह लोधी-राजपूत समुदाय से आते हैं।
- राधाकांत ओझा — प्रयागराज के वरिष्ठ अधिवक्ता और इलाहाबाद हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष।
- प्रकाश पाल — भाजपा पिछड़ा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष और कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के पूर्व क्षेत्रीय अध्यक्ष।
- विद्यासागर सोनकर — जौनपुर के वरिष्ठ नेता और पार्टी के पूर्व सांसद व प्रदेश महामंत्री।
- गोपी कृष्ण पांडेय — संगठन से जुड़े नेता, जिन्हें पहली बार इस स्तर पर उम्मीदवार बनाया गया है।
- प्रियंका सिंह रावत — बाराबंकी से 2014 की पूर्व सांसद और वर्तमान प्रदेश उपाध्यक्ष।
- राम प्रताप सिंह चौहान — आगरा की एत्मादपुर सीट से पूर्व विधायक और भाजपा के प्रदेश महामंत्री।
- श्रुति गंगवार — बरेली की नेत्री और झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार की बेटी, जो अर्बन कोऑपरेटिव बैंक की चेयरमैन भी हैं।
सपा के उम्मीदवार और निर्विरोध निर्वाचन के समीकरण
दूसरी तरफ, समाजवादी पार्टी ने अपने दो उम्मीदवारों के रूप में प्रोफेसर राम गोपाल यादव और उद्योगपति धनराज परिमल नाथवानी को 30 सितंबर को ही मैदान में उतार दिया था। जानकारों के मुताबिक, यदि सपा तीसरे और भाजपा अपने कोटे से 9वें उम्मीदवार को मैदान में नहीं उतारती है, तो सपा के दो और भाजपा के आठों उम्मीदवारों का निर्विरोध चुना जाना तय माना जा रहा है।
मौजूदा समय में यूपी से केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी, बीएल वर्मा, नीरज शेखर, सीमा द्विवेदी, बृजलाल, गीता शाक्य, अरुण सिंह (सभी बीजेपी), सपा के रामगोपाल यादव और बसपा के रामजी गौतम का कार्यकाल आगामी 25 नवंबर को पूरा हो रहा है। इसके अलावा, डॉ. दिनेश शर्मा के अंडमान निकोबार के उपराज्यपाल बनाए जाने के बाद उनके इस्तीफे से एक सीट पहले ही खाली हो चुकी है।
