कोटा: राजस्थान के कोटा जिले के सिमलिया थाना क्षेत्र के पोलाई खुर्द गांव में पानी पतासे खाने के बाद करीब 115 स्कूली बच्चों की तबीयत अचानक बिगड़ने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। बच्चों को पेट में तेज दर्द, लगातार उल्टी और दस्त की शिकायत आने लगी  जिसके बाद परिजन उन्हें लेकर अस्पताल पहुंचे और प्रशासन को सूचना दी गई। बड़ी संख्या में बच्चों के बीमार होने की खबर मिलते ही उपखंड अधिकारी, ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश सामर और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची। गंभीर रूप से बीमार एक दर्जन से अधिक बच्चों को एम्बुलेंस के जरिए सिमलिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। वहीं अन्य प्रभावित बच्चों का गांव में मेडिकल कैंप लगाकर उपचार जारी किया गया  घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग ने एएनएम और आशा कार्यकर्ताओं की टीमों को पूरे गांव में घर-घर सर्वे के लिए लगाया है, ताकि किसी भी अन्य प्रभावित बच्चे की समय रहते पहचान कर उपचार किया जा सके। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सभी बच्चों ने गांव में लगे एक स्थानीय ठेले से पानी पतासे खाए थे, जिसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ी। वही मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने खाद्य सुरक्षा विभाग की विशेष टीम को जांच के लिए रवाना कर दिया है। टीम ठेला संचालक के पास मौजूद खाद्य सामग्री और इस्तेमाल किए गए पानी के सैंपल लेकर प्रयोगशाला में जांच कराएगी, ताकि फूड प्वाइजनिंग की वास्तविक वजह का पता लगाया जा सके। फिलहाल स्वास्थ्य विभाग पूरे मामले की जाँच कर रही है.... और प्रशासन ने लोगों से जांच पूरी होने तक खुले में बिकने वाले खाद्य पदार्थों का सेवन करते समय सावधानी बरतने की अपील की है।