राजस्थान के सरकारी स्कूलों में AI से बदलेगी पढ़ाई, एक लाख शिक्षकों को मिलेगी ट्रेनिंग: 

राजस्थान के सरकारी स्कूलों में अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानि की AI आधारित शिक्षा की शुरुआत होने जा रही है। शिक्षा विभाग ने पायलट प्रोजेक्ट के तहत पहले चरण में प्रदेश के 10 जिलों के करीब एक लाख शिक्षकों को AI का प्रशिक्षण देने की तैयारी शुरू कर दी है। इसके तहत शिक्षकों को AI टूल्स के इस्तेमाल, बेहतर लेसन प्लान तैयार करने, छात्रों के स्तर के अनुसार गतिविधियां बनाने और मूल्यांकन प्रक्रिया को आसान बनाने की जानकारी दी जाएगी। AI की मदद से यह भी पता लगाया जा सकेगा कि किसी छात्र को किस विषय में ज्यादा मेहनत और अतिरिक्त सहायता की जरूरत है। वहीं, छात्रों को AI के काम करने के तरीके, सही उपयोग, डिजिटल सुरक्षा, साइबर सिक्योरिटी और ऑनलाइन जानकारी की सत्यता जांचने के बारे में जागरूक किया जाएगा। इस अभियान की शुरुआत उदयपुर में राज्य स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम से की गई, जहां प्रदेश की 34 जिला शिक्षा प्रशिक्षण संस्थानों (DIET) की फैकल्टी को ट्रेनिंग दी गई। अब ये मास्टर ट्रेनर अपने-अपने जिलों में शिक्षकों को प्रशिक्षित करेंगे और धीरे-धीरे यह कार्यक्रम पंचायत स्तर तक सरकारी स्कूलों में पहुंचाया जाएगा। शिक्षा विभाग के मुताबिक  AI के उपयोग से शिक्षकों का समय बचेगा और वे छात्रों के साथ अधिक गुणवत्तापूर्ण तरीके से जुड़ सकेंगे। भविष्य में राजस्थान राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद राज्य की जरूरतों के अनुसार अपना AI प्रशिक्षण मॉड्यूल और पाठ्यक्रम भी तैयार करेगा, जिसे प्रदेश के सरकारी स्कूलों में लागू करने की योजना है।