मैं मदन दिलावर जी से क्षमा मांगता हूं’, कंवरपुरा स्कूल विवाद के बीच आशुतोष रांका ने क्यों कही ये बात?
जयपुर के रामपुरा-कंवरपुरा गांव में सरकारी स्कूल के निरीक्षण को लेकर हुआ विवाद अब सियासी तकरार में बदल गया है। शुक्रवार को स्कूल का निरीक्षण करने पहुंची कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) की टीम और ग्रामीणों के बीच झड़प हुई। इस दौरान पथराव और वाहनों में तोड़फोड़ के आरोप भी सामने आए। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर आरोप लगाए हैं।
घटना के बाद CJP प्रवक्ता आशुतोष रांका ने शिक्षा मंत्री मदन दिलावर पर भी निशाना साधा। इसी बीच उनके एक इंटरव्यू की क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है, जिसमें वह तंज कसते हुए कहते हैं—‘मैं मदन दिलावर जी से क्षमा मांगता हूं।’ आखिर रांका ने यह बात क्यों कही?
मदन दिलावर के बयान पर रांका का तंज
दरअसल, रांका ने अपने इंटरव्यू में शिक्षा मंत्री मदन दिलावर के कथित ‘तबेले’ वाले बयान को लेकर व्यंग्य किया। उन्होंने कहा कि मदन दिलावर बिल्कुल सही कह रहे हैं कि तबेले के अंदर एक ‘बहुत बड़ा डिजिटल क्लासरूम’ चल रहा था, जहां बच्चों को आधुनिक तकनीक, एआई और सेमीकंडक्टर के बारे में पढ़ाया जा रहा था।
रांका ने इसी अंदाज में आगे कहा कि वहां मैथ्स और साइंस की पढ़ाई, इंटरनेट, लाइब्रेरी, शानदार बेंच और विश्वस्तरीय सुविधाएं मौजूद थीं और CJP ने वहां पहुंचकर ‘व्यवधान’ डाल दिया।
इसके बाद उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि भैंसों के साथ बच्चों को पढ़ाने का यह मॉडल इतना शानदार था कि इसे सभी को अपनाना चाहिए। इसी कटाक्ष के बाद उन्होंने कहा कि इस ‘विश्वस्तरीय क्लासरूम’ में व्यवधान डालने के लिए वह मदन दिलावर से माफी मांगते हैं।
क्या है पूरा कंवरपुरा स्कूल विवाद?
जयपुर के बगरू क्षेत्र के रामपुरा-कंवरपुरा गांव का सरकारी स्कूल लंबे समय से जर्जर स्थिति को लेकर चर्चा में है। रिपोर्टों के मुताबिक स्कूल भवन की खराब हालत के कारण बच्चों की कक्षाएं टीनशेड और स्थानीय व्यक्ति की जमीन पर चल रही हैं, जहां भैंसों का चारा भी रखा जाता है।
CJP की टीम इसी स्कूल की स्थिति का जायजा लेने और अपने ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान के तहत निरीक्षण करने पहुंची थी। वहां ग्रामीणों के विरोध के बाद विवाद बढ़ गया। CJP ने मारपीट और पथराव के आरोप लगाए, जबकि ग्रामीणों ने टीम के आरोपों से इनकार किया है।
रांका ने मांगा था 48 घंटे में दिलावर का इस्तीफा
घटना के बाद आशुतोष रांका ने शिक्षा मंत्री मदन दिलावर पर गंभीर आरोप लगाए और 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया। उन्होंने मांग की कि मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी हो और स्कूलों में बाहरी लोगों की एंट्री से जुड़े प्रतिबंधों को वापस लिया जाए। ऐसा नहीं होने पर उन्होंने मदन दिलावर के इस्तीफे के लिए आंदोलन की चेतावनी दी।
मदन दिलावर ने भी किया पलटवार
वहीं शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने CJP पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार सरकारी स्कूलों में भवन, कक्षाओं, स्मार्ट क्लास, लैब और अन्य सुविधाओं के विस्तार पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि स्कूलों की कमियां सामने रखना लोकतांत्रिक प्रक्रिया है, लेकिन उनका समाधान बातचीत, सहयोग और सकारात्मक भागीदारी से होना चाहिए।
इस पूरे विवाद के बीच रांका का ‘माफी’ वाला बयान अब सोशल मीडिया पर चर्चा में है। हालांकि, रांका की यह माफी वास्तविक माफी नहीं बल्कि मदन दिलावर के बयान पर किया गया राजनीतिक और व्यंग्यात्मक कटाक्ष है।
