उत्तर पश्चिम रेलवे ने परिचालनिक कारणों का हवाला देते हुए 12 प्रमुख रेलगाड़ियों के समय-सारणी में आंशिक बदलाव किया है। ये संशोधित समय आगामी नवंबर महीने की अलग-अलग तारीखों से प्रभावी होंगे। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे सफर पर निकलने से पहले अपनी ट्रेन के अद्यतन समय की पूरी जानकारी आधिकारिक माध्यमों से जरूर जांच लें।
मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के मुताबिक, इस फेरबदल का मकसद ट्रेनों के संचालन को ज्यादा सुगम बनाना और यात्रियों को बेहतर सुविधा देना है। इस समय-सारणी के बदलने से कई बड़े मार्गों पर चलने वाली गाड़ियों के रास्ते के कुछ स्टेशनों पर आगमन और प्रस्थान के वक्त में आंशिक संशोधन हुआ है।
4 नवंबर से किन ट्रेनों के समय में बदलाव
गाड़ी संख्या 14701 श्रीगंगानगर-बांद्रा टर्मिनस एक्सप्रेस 4 नवंबर 2026 से अपने तय वक्त पर श्रीगंगानगर से रवाना होगी, लेकिन इसके रास्ते के कई स्टेशनों जैसे सोजत रोड, मारवाड़ जंक्शन, आबूरोड, पालनपुर, मेहसाना और साबरमती पर पहुंचने के समय में आंशिक बदलाव किया गया है।
इसी तरह, गाड़ी संख्या 15014 काठगोदाम-जैसलमेर एक्सप्रेस भी 4 नवंबर से काठगोदाम से निर्धारित समय पर ही छूटेगी, मगर जयपुर, किशनगढ़, अजमेर, ब्यावर और मारवाड़ जंक्शन पर इसके ठहराव का समय बदल गया है। गाड़ी संख्या 12195 आगरा फोर्ट-अजमेर एक्सप्रेस के जयपुर, नरैना, किशनगढ़ और अजमेर स्टेशनों पर आने-जाने का वक्त संशोधित किया गया है।
जोधपुर और गांधीग्राम रूट की गाड़ियों की नई टाइमिंग
जोधपुर और गुजरात के बीच चलने वाली रेल सेवाओं की टाइमिंग में भी संशोधन किया गया है। गाड़ी संख्या 14821 जोधपुर-गांधीग्राम एक्सप्रेस और वापसी में चलने वाली गाड़ी संख्या 14822 गांधीग्राम-जोधपुर एक्सप्रेस 4 नवंबर से अपने शुरुआती स्टेशनों से तय समय पर ही प्रस्थान करेंगी। हालांकि, रास्ते में पालनपुर, मेहसाना, गांधीग्राम और मारवाड़ जंक्शन पर इनके संचालन समय में फेरबदल हुआ है।
वहीं, गाड़ी संख्या 20951 ओखा-जयपुर एक्सप्रेस 9 नवंबर 2026 से ओखा से रवाना होकर पालनपुर, आबूरोड, मारवाड़ जंक्शन, अजमेर और जयपुर स्टेशनों पर बदले हुए समय पर पहुंचेगी।
मध्य नवंबर से बदलने वाली ट्रेनें
कुछ रेलगाड़ियों के प्रारंभिक प्रस्थान समय में भी बदलाव किया गया है। गाड़ी संख्या 12988 अजमेर-सियालदाह एक्सप्रेस 16 नवंबर 2026 से अजमेर से अपने पुराने वक्त के बजाय दोपहर 12.40 बजे रवाना होगी। इसके अलावा, किशनगढ़ और जयपुर में भी इसका समय बदला रहेगा। गाड़ी संख्या 15013 जैसलमेर-काठगोदाम एक्सप्रेस भी 16 नवंबर से जैसलमेर से सुबह 02.15 बजे छूटेगी और इसके रास्ते में जोधपुर, अजमेर, जयपुर, अलवर और रेवाड़ी के समय में संशोधन किया गया है।
लालगढ़ से चलने वाली दो सुपरफास्ट गाड़ियां—गाड़ी संख्या 12404 (15 नवंबर से) और गाड़ी संख्या 20404 (16 नवंबर से) प्रयागराज के लिए रवाना होंगी, जिनके जयपुर, गांधीनगर जयपुर, दौसा और बांदीकुई स्टेशनों पर समय में बदलाव किया गया है।
jaipur news: शताब्दी और जम्मूतवी एक्सप्रेस के जयपुर आगमन में बदलाव
राजस्थान की राजधानी से जुड़े रेल यात्रियों के लिए भी अहम अपडेट सामने आया है। गाड़ी संख्या 12414 जम्मूतवी-अजमेर सुपरफास्ट एक्सप्रेस 4 नवंबर से अपने तय समय पर जम्मूतवी से प्रस्थान करेगी, लेकिन जयपुर स्टेशन पर इसका पहुंचने का वक्त सुबह 09.30 बजे की बजाय 09.35 बजे कर दिया गया है। हालांकि, इस ट्रेन के प्रस्थान का समय सुबह 09.40 बजे ही रहेगा।
इसी प्रकार, गाड़ी संख्या 12015 नई दिल्ली-दौराई शताब्दी एक्सप्रेस 4 नवंबर से नई दिल्ली से निर्धारित समय पर चलकर जयपुर स्टेशन पर 10.35 बजे के स्थान पर 10.40 बजे पहुंचेगी, जबकि यहां से रवाना होने का इसका पुराना समय 10.45 बजे ही बरकरार रखा गया है।
