असम के गोलाघाट जिले में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 23 लोगों की मौत हो गई। काजीरंगा नेशनल पार्क के पास नेशनल हाईवे-715 पर तेज रफ्तार मिनी बस और कंटेनर ट्रक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में कई अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
यह भीषण हादसा कोहोरा क्षेत्र में हाथीकुली टी एस्टेट के पास रंगाजन इलाके में हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मिनी बस के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार यात्री गंभीर रूप से इसकी चपेट में आ गए। सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव अभियान शुरू किया गया।
घायलों को किया गया रेफर
दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत कोहोरा मॉडल अस्पताल पहुंचाया गया। यहां प्राथमिक इलाज के बाद गंभीर रूप से घायल यात्रियों की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें जोरहाट मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल समेत अन्य बड़े चिकित्सा संस्थानों में रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही असम सरकार के मंत्री अतुल बोरा ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्यों का जायजा लिया और अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए।
तेज रफ्तार बनी हादसे की मुख्य वजह
पुलिस के शुरुआती आकलन के अनुसार, यह हादसा वाहन की अत्यधिक गति के कारण हुआ। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मिनी बस तय गति सीमा का उल्लंघन करते हुए काफी तेज रफ्तार में चल रही थी। आशंका है कि चालक का वाहन से नियंत्रण छूट गया, जिसके बाद बस अनियंत्रित होकर सामने से आ रहे कंटेनर ट्रक से जा टकराई। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी फिलहाल पूरे मामले की तकनीकी जांच में जुटे हैं।
