बाबा रामदेव मेले के लिए रोडवेज का स्पेशल प्लान, चलेंगी 60 से ज्यादा बसें; टिकट पर 50% तक छूट

जोधपुर: लोक देवता बाबा रामदेव जी के मेले में इस बार बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए राजस्थान रोडवेज ने विशेष तैयारी की है। जोधपुर डिपो से मेले के दौरान 60 से ज्यादा रोडवेज बसें अलग-अलग मार्गों पर मेला स्पेशल के तौर पर चलाई जाएंगी। यात्रियों को बस किराये में 50 प्रतिशत तक की छूट भी दी जाएगी।

रोडवेज के मुताबिक, इस साल मेले में पिछले वर्ष की तुलना में अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। राजस्थान के अलावा मध्यप्रदेश और गुजरात समेत दूसरे राज्यों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु रामदेवरा पहुंचते हैं। बाबा रामदेव जी के दर्शन से पहले कई श्रद्धालु जोधपुर में स्थित उनके गुरु बाबा बालीनाथ जी के दर्शन भी करते हैं।

28 अगस्त से 26 सितंबर तक चलेगा मेला

जोधपुर डिपो के मुख्य प्रबंधक उमेद सिंह सांधू के अनुसार, इस बार मेले के दौरान 28 अगस्त से 26 सितंबर तक अतिरिक्त बसों का संचालन किया जाएगा। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए जोधपुर से रामदेवरा मार्ग पर विशेष रूप से अतिरिक्त बसें लगाई जाएंगी।

मेले की मुख्य अवधि 12 से 21 सितंबर के बीच रहेगी। इस दौरान यात्रियों की संख्या बढ़ने की संभावना को देखते हुए रोडवेज की ओर से अतिरिक्त व्यवस्थाएं की जाएंगी।

70 हजार से ज्यादा यात्रियों का अनुमान

पिछले साल करीब 55 बसों से 61 हजार से अधिक यात्रियों ने यात्रा की थी। इससे रोडवेज को लगभग 1.49 करोड़ रुपये की आय हुई थी। इस बार श्रद्धालुओं की संख्या 70 हजार से अधिक पहुंचने का अनुमान है। इसके चलते रोडवेज को करीब 2 करोड़ रुपये तक की आय होने की उम्मीद है।

रामदेवरा के लिए सबसे ज्यादा भीड़

मेले के दौरान जोधपुर से रामदेवरा जाने वाले मार्ग पर यात्रियों का दबाव सबसे ज्यादा रहता है। इसी को देखते हुए इस रूट पर करीब 60 रोडवेज बसों को मेला स्पेशल के रूप में संचालित करने की तैयारी है।

राजस्थान रोडवेज की यह व्यवस्था दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को रामदेवरा तक पहुंचने में सुविधा देने के साथ ही मेले के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में भी मदद करेगी।