शेखावाटी वालों को पानी मैं ही पिलाऊंगा, आप चिंता मत करिए... पानी आएगा ये कहना है राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का दरअसल राजस्थान और हरियाणा के बीच 32 साल पुराने यमुना जल विवाद का ऐतिहासिक समाधान होने के बाद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का एक पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। विधानसभा में दिए गए अपने भाषण में उन्होंने कहा था, "शेखावाटी वालों को पानी मैं ही पिलाऊंगा, आप चिंता मत करिए... पानी आएगा, पानी आएगा।" अब यमुना जल समझौते पर हस्ताक्षर के बाद इस बयान को उनके चुनावी वादे के पूरा होने के रूप में देखा जा रहा है। आपको बता दे नई दिल्ली के कर्तव्य भवन में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने यमुना जल समझौते (MoA) पर हस्ताक्षर किए, जिससे दोनों राज्यों के बीच वर्षों से लंबित विवाद का रास्ता साफ हो गया। इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर करीब 34,102 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे तथा हरियाणा के हथिनीकुंड बैराज से राजस्थान के चूरू तक 295.5 किलोमीटर लंबी भूमिगत पाइपलाइन बिछाई जाएगी। इसके जरिए राजस्थान को मानसून के चलते उसके हिस्से का 1,917 क्यूसेक यमुना जल उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे शेखावाटी क्षेत्र के चूरू, सीकर और झुंझुनूं जैसे जल संकट से जूझ रहे जिलों को पेयजल और सिंचाई के लिए बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। यह समझौता वर्ष 1994 में हुए अपर यमुना रिवर बोर्ड (UYRB) के मूल जल बंटवारा समझौते को धरातल पर उतारने की दिशा में एक बड़ा कदम है। लेकिन जल विशेषज्ञों का मानना है कि मानसून के दौरान अतिरिक्त पानी के डायवर्जन से हरियाणा के कुछ इलाकों में भूजल रिचार्ज पर सीमित प्रभाव पड़ने की उम्मीद जताई जा रही है, लेकिन राजस्थान के लिए यह परियोजना जल संकट के स्थायी समाधान की दिशा में एक ऐतिहासिक उपलब्धि साबित होने वाली है।
