मोबाइल यूजर्स के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आयी है...... बिना डेटा वाले यानी सिर्फ कॉल और एसएमएस के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले मोबाइल रिचार्ज प्लान अब सस्ते हो सकते हैं। दूरसंचार नियामक प्राधिकरण ने ‘दूरसंचार उपभोक्ता संरक्षण विनियम, 2026’ का नया मसौदा जारी किया है, जिसमें प्रस्ताव दिया गया है कि जिन ग्राहकों को इंटरनेट डेटा की जरूरत नहीं है, उन्हें जबरदस्ती डेटा वाले प्लान के लिए ज्यादा पैसे नहीं देने पड़ें। ट्राई ने इस प्रस्ताव पर टेलीकॉम कंपनियों और आम लोगों समेत सभी संबंधित पक्षों से सुझाव मांगे हैं, जिसके बाद इसे अंतिम रूप दे दिया जाएगा। ट्राई के प्रस्ताव के अनुसार मोबाइल कंपनियों को अब डेटा वाले प्लान की तरह ही समान वैधता अवधि वाले केवल कॉल और एसएमएस प्लान भी उपलब्ध कराने होंगे। यानी अगर कोई कंपनी 7, 28, 56 या 84 दिन की वैधता वाला डेटा प्लान पेश करती है तो उसी अवधि का बिना डेटा वाला प्लान भी देना जरूर होगा। अभी कई कंपनियां सीमित समय के लिए ही ऐसे प्लान उपलब्ध कराती हैं, जिससे फीचर फोन इस्तेमाल करने वाले या सिर्फ कॉलिंग की जरूरत वाले ग्राहकों को मजबूरी में डेटा वाला महंगा रिचार्ज कराना पड़ता है।
ट्राई के मुताबिक मोबाइल रिचार्ज प्लान की कुल कीमत में डेटा का बड़ा हिस्सा शामिल होता है। ऐसे में नया नियम लागू होने पर केवल कॉल और एसएमएस वाले प्लान की कीमत मौजूदा प्लान की तुलना में काफी कम हो सकती है। उदाहरण के तौर पर, अगर कोई डेटा वाला प्लान 300 रुपए का है तो बिना डेटा वाला प्लान करीब 100 से 150 रुपए तक में मिल सकता है। इस फैसले का सबसे ज्यादा फायदा उन लोगों को मिलने वाला है जो इंटरनेट का इस्तेमाल नहीं करते जैसे फीचर फोन यूजर्स, बुजुर्ग, दूसरी सिम सिर्फ कॉल के लिए रखने वाले ग्राहक और ऐसे लोग जिनके घर या ऑफिस में वाई-फाई की सुविधा उपलब्ध है। वही प्लान की अंतिम कीमत टेलीकॉम कंपनियां ही तय करेंगी। नियम लागू होने के बाद कंपनियों के बीच प्रतिस्पर्धा बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है, जिससे ग्राहकों को कम कीमत में अपनी जरूरत के हिसाब से बेहतर रिचार्ज विकल्प मिल पायेगा।
