चित्तौड़गढ़ में फिर एक्टिव होगा मानसून, यलो अलर्ट जारी; 22 जुलाई से तेज बारिश के संकेत:

राजस्थान के चित्तौड़गढ़ में पिछले कई दिनों से जारी तेज गर्मी और उमस के बीच मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। रविवार सुबह से ही आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रही, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत महसूस हुई। मौसम विभाग ने जिले में बादल छाए रहने, तेज हवाएं चलने और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के मुताबिक 20 जुलाई से मानसून दोबारा सक्रिय होने की संभावना है, जबकि 22 जुलाई से जिले में अच्छी बारिश होने के संकेत मिल रहे हैं।

पिछले कुछ दिनों से बारिश का दौर थमने के कारण चित्तौड़गढ़ में गर्मी और उमस लगातार बढ़ रही थी। तेज धूप के चलते दिन में बाहर निकलना मुश्किल हो गया था और लोग चिपचिपी गर्मी से परेशान थे। रविवार सुबह बदले मौसम के मिजाज से राहत की उम्मीद जगी है। हालांकि हवा में नमी अधिक होने के कारण उमस अभी भी बनी हुई है।

मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटे में जिले का अधिकतम तापमान 37.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होने के बावजूद नमी और धूप के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अब लोगों की नजर मानसून की वापसी और अच्छी बारिश पर टिकी हुई है। बारिश होने से जहां गर्मी और उमस से राहत मिलेगी, वहीं किसानों को भी खरीफ फसलों के लिए फायदा मिलने की उम्मीद जताई है।