राजस्थान के चूरू जिले के सरदारशहर में फिटनेस के दौरान एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां जिम में एक्सरसाइज कर रहे 49 वर्षीय सरकारी स्कूल के प्रधानाचार्य की ट्रेडमिल पर दौड़ते समय अचानक संतुलन बिगड़ने से मौत हो गई। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें वह ट्रेडमिल पर गिरते नजर आ रहे हैं।
मृतक की पहचान बीरबलराम मेघवाल के रूप में हुई है। वह आसपालसर गांव स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में प्रधानाचार्य के पद पर कार्यरत थे और अपने परिवार के साथ सरदारशहर में रह रहे थे। अचानक हुई इस घटना के बाद से उनके परिजनों और परिचितों में शोक की लहर है।
ट्रेडमिल पर पैर फिसलने से फर्श पर गिरे
सरदारशहर पुलिस थाने के सहायक उप-निरीक्षक (ASI) धर्मवीर के मुताबिक, नीमरासर निवासी गौरीशंकर ने इस मामले में पुलिस को लिखित रिपोर्ट दी है। रिपोर्ट के अनुसार, उनके बड़े भाई बीरबलराम मेघवाल मंगलवार शाम को स्थानीय जिम में एक्सरसाइज करने गए थे।
फुटेज में दिखाई दे रहा है कि वह ट्रेडमिल मशीन पर दौड़ रहे थे। इसी दौरान उनका पैर अचानक फिसल गया और वह फर्श पर जा गिरे। गिरने की वजह से उनके सिर में गंभीर चोट आई। वहां मौजूद अन्य लोगों ने तुरंत उनकी मदद की और उन्हें राजकीय अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
स्थानीय लोगों के बीच चर्चा है कि प्रधानाचार्य की मौत की वजह कार्डियक अरेस्ट (हृदय गति रुकना) हो सकती है, हालांकि प्रशासन या पुलिस की तरफ से इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं की गई है।
पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर शव का पोस्टमार्टम करवाकर उसे परिजनों को सौंप दिया है। मामले में आगे की जांच जारी है। अधिकारियों के मुताबिक, मौत के असली कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
