धार जिले के आदिवासी अंचल में शुरू होने जा रही डही माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना को लेकर सत्ता और विपक्ष के बीच श्रेय लेने की होड़ मच गई है। कुक्षी से कांग्रेस विधायक सुरेंद्र सिंह बघेल ने सोशल मीडिया पर तत्कालीन मुख्यमंत्री कमलनाथ का एक पुराना वीडियो शेयर करते हुए इस पूरी परियोजना को कांग्रेस सरकार की सौगात करार दिया है। वहीं, इस दावे पर पलटवार करते हुए बीजेपी प्रदेश मंत्री जयदीप पटेल ने कहा है कि महज़ 26 दिन टिकने वाली सरकार इस योजना का दावा कैसे कर सकती है, जबकि इसका वास्तविक काम बीजेपी शासनकाल में ही आगे बढ़ा है।
यह सिंचाई परियोजना जनजातीय समाज और किसानों के लिए एक बड़ी सौगात मानी जा रही है, जिसका लोकार्पण मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भगवान बिरसा मुंडा जयंती और जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर करने वाले हैं। कांग्रेस विधायक बघेल का तर्क है कि 15 महीने की कमलनाथ सरकार के कार्यकाल के दौरान 26 फरवरी 2020 को इस योजना की घोषणा और भूमिपूजन किया गया था, इसलिए इसका श्रेय कांग्रेस को जाता है।
बीजेपी का पलटवार— 20 दिनों की घोषणा और सियासी उठापटक
कांग्रेस के दावों को खारिज करते हुए बीजेपी प्रदेश मंत्री जयदीप पटेल ने कहा कि योजना की घोषणा के ठीक 26 दिन बाद ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ 22 विधायकों ने पार्टी छोड़ दी थी, जिससे कमलनाथ सरकार गिर गई थी और फ्लोर टेस्ट से पहले ही मुख्यमंत्री को इस्तीफा देना पड़ा था।
जयदीप पटेल ने कुक्षी विधायक पर विधानसभा क्षेत्र की उपेक्षा करने का आरोप लगाते हुए बताया कि सरकार बदलने के बाद तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के कार्यकाल में इस परियोजना का पुनरीक्षण किया गया था और नए सिरे से स्वीकृति मिलने के बाद ही ज़मीन पर काम शुरू हुआ था, जो अब 2026 में जाकर पूरा हुआ है।
लोकार्पण समारोह में कांग्रेस विधायकों को भी आमंत्रण
श्रेय की राजनीति के बीच बीजेपी ने स्पष्ट किया है कि उनकी सरकार 'सबका साथ, सबका विश्वास' के मूल मंत्र पर काम करती है। बीजेपी प्रदेश मंत्री पटेल ने कहा कि जब तत्कालीन सरकार ने इस परियोजना का भूमिपूजन किया था, तब कांग्रेस ने अपने ही मंत्रियों और विधायकों को इस आयोजन से दूर रखा था। इसके विपरीत, मौजूदा बीजेपी सरकार ने लोकार्पण कार्यक्रम में जिले के सभी कांग्रेस विधायकों को भी आधिकारिक रूप से आमंत्रित किया है।
