श्रीगंगानगर से बीकानेर जा रही सुपरफास्ट ट्रेन में टिकट चेकिंग के दौरान उस समय अफरातफरी मच गई, जब जनरल कोच में सफर कर रहे दो अग्निवीर बिना टिकट यात्रा करते पकड़े गए। महिला टीटीई ने जब दोनों से टिकट और जुर्माना भरने को कहा, तो वे उलझ पड़े और पेनल्टी देने से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद रेलवे कंट्रोल रूम की सूचना पर ट्रेन के सूरतगढ़ स्टेशन पहुंचते ही आरपीएफ ने दोनों को सुरक्षाकर्मियों की निगरानी में उतार लिया।
मामला तब शांत हुआ जब मौके पर पहुंचे सेना के अधिकारियों ने 650 रुपये का टिकट मूल्य और नियमानुसार जुर्माना राशि रेलवे काउंटर पर जमा करवाई।
सूरतगढ़ स्टेशन पर हुई कार्रवाई
घटना बुधवार की है जब श्रीगंगानगर से बीकानेर जाने वाली सुपरफास्ट ट्रेन में टिकट चेकिंग स्टाफ नियमित निरीक्षण कर रहा था। जनरल कोच में जांच के दौरान दो जवानों के पास वैध टिकट नहीं मिला। महिला टीटीई ने जब उन्हें नियमानुसार 500-500 रुपये का जुर्माना और यात्रा टिकट के पैसे चुकाने को कहा, तो दोनों ने जुर्माना देने से मना कर दिया और बहस करने लगे।
टीटीई ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तुरंत बीकानेर रेलवे कंट्रोल रूम को फोन पर पूरी जानकारी दी। ट्रेन के सूरतगढ़ रेलवे स्टेशन पर रुकते ही पहले से मुस्तैद रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के जवानों ने दोनों को ट्रेन से नीचे उतार लिया।
सेना के अधिकारियों ने चुकाया बकाया
आरपीएफ के हस्तक्षेप के बाद रेलवे स्टेशन पर स्थिति सामान्य हुई। रेलवे अधिकारियों के संपर्क करने पर सेना के स्थानीय अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। सेना के नुमाइंदों ने बिना टिकट यात्रा के एवज में कुल 650 रुपये का टिकट किराया और जुर्माना राशि रेलवे के पास जमा कराई। इसके बाद दोनों अग्निवीरों को आगे की यात्रा के लिए जाने दिया गया।
