चक्रवात मुरासु का खतरा: आंध्र प्रदेश तट की ओर बढ़ा तूफान, आज रात ओंगोल के पास टकराने की आशंका
बंगाल की खाड़ी से उठा चक्रवात मुरासु अब आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों की तरफ तेजी से बढ़ रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक, यह तूफान आज रात 11:30 बजे से मंगलवार सुबह 4 बजे के बीच ओंगोल के पास तट को पार करेगा। इस दौरान हवा की रफ्तार 100 से 110 किलोमीटर प्रति घंटा रहने की आशंका जताई गई है। सोमवार सुबह 5:30 बजे यह चक्रवात चेन्नई से 200 और नेल्लोर से 210 किलोमीटर की दूरी पर था, जो 25 किमी प्रति घंटे की गति से आगे बढ़ रहा था। तूफान के प्रभाव से आंध्र प्रदेश, ओडिशा और तमिलनाडु के कई हिस्सों में मौसम बिगड़ना शुरू हो गया है। नेल्लोर के मयपाडु बीच पर समुद्र में ऊंची लहरें उठने लगी हैं और तेज हवाएं चल रही हैं। राहत और बचाव कार्य: NDRF की तीन टीमें तैनात आपदा से निपटने के लिए तमिलनाडु के रणिपेट जिले में अरक्कोनम के पास नागरिककुप्पम से NDRF की चौथी बटालियन की तीन टीमों को रवाना किया गया है। इन टीमों में कुल 90 जवान शामिल हैं, जिन्हें आंध्र प्रदेश के नेल्लोर, प्रकाशम और मार्कापुरम में तैनात किया गया है। प्रशासन के अनुसार, चक्रवात का सबसे गंभीर असर बापटला, कृष्णा और प्रकाशम जिलों पर पड़ने की संभावना है। स्थिति से निपटने के लिए स्थानीय प्रशासन और बचाव दल पूरी तरह मुस्तैद हैं। तमिलनाडु और ओडिशा में भारी बारिश और जलभराव चेन्नई में पिछले 24 घंटे के दौरान माधवरम में सबसे ज्यादा 11 सेमी बारिश दर्ज की गई है। इसके अलावा, एन्नोर पोर्ट और नुंगमबक्कम में 10-10 सेमी बारिश हुई है। शहर के 22 सबवे में से दो में पानी भर जाने के कारण यातायात प्रभावित हुआ है। एहतियात के तौर पर चेन्नई में स्कूल बंद कर दिए गए हैं और नगर निगम ने जलभराव से निपटने के लिए पंप और फील्ड टीमों को मैदान में उतार दिया है। तिरुवल्लूर के पझावेर्काडु में समुद्र में करीब 6 फीट ऊंची लहरें उठ रही हैं। उधर, ओडिशा के पुरी जिले में भी सोमवार सुबह से भारी बारिश हो रही है। रायगढ़ा जिले में प्रशासन ने किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी 11 फायर स्टेशन की टीमों को अलर्ट पर रखा है। नेशनल हाईवे-326 पर गुम्मा घाटी और मुकुंदपुर घाटी में रास्ता बाधित होने की आशंका के चलते जेसीबी, एक्सकेवेटर और हाइड्रा क्रेन तैयार रखी गई हैं। उड़ानों पर असर और अन्य राज्यों में चेतावनी खराब मौसम के चलते विजयवाड़ा एयरपोर्ट पर 10 उड़ानें रद्द कर दी गईं हैं। इसके अलावा, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, केरल, तेलंगाना, कर्नाटक और महाराष्ट्र में भी चक्रवात का असर दिखने की संभावना है। मौसम विभाग ने इन राज्यों में अगले कुछ दिनों के दौरान भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।