बॉलीवुड के सुपरस्टार शाहरुख खान आज अपना 61वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस खास मौके पर उनके मुंबई स्थित बंगले 'मन्नत' के बाहर फैंस की भारी भीड़ जमा हुई है। हालांकि इस साल बंगले में रिनोवेशन का काम चल रहा है, लेकिन चाहने वालों के उत्साह में कोई कमी नहीं आई है।
लॉरेंस बिश्नोई गैंग की तरफ से मिल रही धमकियों के मद्देनजर 'मन्नत' के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। इसके बावजूद आधी रात से ही फैंस का जुटना शुरू हो गया था। बंगले की बाहरी दीवारों पर प्रोजेक्टर स्क्रीन के जरिए शाहरुख खान की तस्वीरें और शुभकामनाएं प्रदर्शित की जा रही हैं।
बुर्ज खलीफा से सी-लिंक तक जश्न
दुबई की मशहूर इमारत बुर्ज खलीफा पर भी लाइट्स के जरिए शाहरुख खान को जन्मदिन की बधाई दी गई। इससे पहले मुंबई के बांद्रा-वर्ली सी-लिंक पर एक्टर की तस्वीर के साथ बर्थडे काउंटडाउन शुरू किया गया था, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ।
इस लाइटिंग और अपने बर्थडे सेलिब्रेशन से गदगद होकर शाहरुख खान खुद को रोक नहीं पाए। उन्होंने सी-लिंक की तस्वीर अपने X अकाउंट पर शेयर करते हुए फैंस के लिए एक मजेदार नोट लिखा।
शाहरुख का खास पोस्ट
एक्टर ने सोशल मीडिया पर तस्वीर साझा करते हुए लिखा, "अगर दोस्त हो तो गूगल जेमिनी जैसे। हमेशा इतना प्यार देने के लिए दिल से शुक्रिया। किंग साइज प्यार के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद। इस फोटो को खिंचवाने के लिए चुपके से ड्राइव पर निकलना पड़ा, हा हा।"
शाहरुख खान के इस अंदाज पर उनके फैंस जमकर रिएक्ट कर रहे हैं और उनके जन्मदिन पर सोशल मीडिया से लेकर सड़क तक जश्न का माहौल बना हुआ है।
