आदिवासी बहुल धार जिले के डही में 15 नवंबर को होने वाले जनजातीय गौरव दिवस और भगवान बिरसा मुंडा जयंती के प्रदेश स्तरीय समारोह की तैयारियां तेज हो गई हैं। इस भव्य आयोजन को सफल बनाने के लिए भाजपा प्रदेश मंत्री जयदीप पटेल ने कार्यकर्ताओं के साथ मोर्चा संभाल लिया है। वे ग्रामीण इलाकों और फलियों में पहुंचकर लोगों को व्यक्तिगत रूप से न्योता दे रहे हैं।
गांव-गांव पहुंच रहा निमंत्रण, प्रचार वाहनों का इस्तेमाल
डही क्षेत्र में जनसंपर्क अभियान के तहत भाजपा प्रदेश मंत्री जयदीप पटेल दर्जनों कार्यकर्ताओं के साथ घर-घर जा रहे हैं। स्थानीय निवासियों से 15 नवंबर को होने वाले इस मुख्य कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की जा रही है। पारंपरिक जनसंपर्क के साथ-साथ प्रचार वाहनों के जरिए भी पूरे क्षेत्र में संदेश प्रसारित किया जा रहा है, ताकि हर गांव और फलिए तक आयोजन की जानकारी पहुंच सके।
सीएम मोहन यादव करेंगे डही माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना का लोकार्पण
इस राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे। इस दौरान वे क्षेत्र के किसानों को बड़ी सौगात देते हुए डही माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना का लोकार्पण करेंगे। इस परियोजना के शुरू होने से स्थानीय किसानों को सिंचाई के लिए पानी की सुविधा मिलने का रास्ता साफ हो गया है। समारोह में राज्यपाल मंगू भाई पटेल, केंद्रीय राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर और कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय सहित कई प्रमुख जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे।
