दिल्ली पुलिस ने कॉकरोच जनता पार्टी के तीन नेताओं को मुंबई से आ रही फ्लाइट के भीतर से हिरासत में ले लिया है। हिरासत में लिए गए नेताओं में अभिजीत दीपके, सौरव दास और आशुतोष रांका के नाम शामिल हैं। यह कार्रवाई उस वक्त हुई जब ये नेता मुंबई से राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली लौट रहे थे।
इस बीच, आम आदमी पार्टी ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा है कि पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल हर हाल में जंतर-मंतर जाएंगे। पुलिस कार्रवाई के बाद आप नेताओं ने केंद्र सरकार और दिल्ली पुलिस पर तीखा हमला बोला है।
जंतर-मंतर जाने के ऐलान पर अड़े आप नेता
आम आदमी पार्टी की दिल्ली इकाई के प्रमुख सौरभ भारद्वाज ने एक बयान में पुष्टि की कि पार्टी नेताओं की हिरासत के बावजूद अरविंद केजरीवाल अपने तय कार्यक्रम के तहत परिवार सहित जंतर-मंतर पहुंचेंगे। भारद्वाज ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट शेयर कर दावा किया कि पूर्व सीएम के आवास के बाहर भारी पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है।
उन्होंने लिखा कि अरविंद केजरीवाल के घर को दिल्ली पुलिस ने छावनी में तब्दील कर दिया है। आप नेताओं का आरोप है कि देश में अघोषित आपातकाल जैसे हालात बना दिए गए हैं।
मुंबई से दिल्ली की उड़ान के दौरान कार्रवाई
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कॉकरोच जनता पार्टी के तीनों नेताओं को विमान के उतरने के साथ ही सुरक्षा बलों ने अपने कब्जे में ले लिया। फिलहाल पुलिस की इस कार्रवाई और हिरासत के पीछे के ठोस कारणों को लेकर आधिकारिक बयान का इंतजार है, लेकिन इस घटनाक्रम के बाद से दिल्ली की राजनीतिक सरगर्मी काफी तेज हो गई है।
