दिल्ली पुलिस के असिस्टेंट कमिश्नर ऑफ पुलिस (ACP) मनस्वी वशिष्ठ को निलंबित कर दिया गया है। पुलिस मुख्यालय के सूत्रों के मुताबिक, यह कार्रवाई मुख्यालय के बाहर पुलिसकर्मियों के हुए प्रदर्शन के बीच की गई है, जिसकी अगुवाई खुद ACP वशिष्ठ ने की थी।
सोमवार को करीब 150 पुलिसकर्मी दिल्ली पुलिस मुख्यालय के बाहर एकत्र हुए थे। इनकी मांग थी कि ACP मनस्वी वशिष्ठ और शाहदरा थाने के तत्कालीन प्रभारी इंस्पेक्टर अरुण कुमार के ट्रांसफर आदेश को रद्द कर उन्हें पुरानी पोस्टिंग पर वापस भेजा जाए।
क्या था पूरा मामला?
गांधी नगर सब-डिवीजन में तैनात ACP मनस्वी वशिष्ठ और शाहदरा थाना प्रभारी अरुण कुमार का 23 अक्टूबर को ट्रांसफर कर दिया गया था। शाहदरा थाने में वकील ललित बंसल के साथ हुई झड़प के बाद यह कार्रवाई की गई थी।
इस घटना में वकील के सिर पर गंभीर चोटें आई थीं। इसके बाद जिला अदालत के वकीलों ने दोनों पुलिस अधिकारियों पर दुर्व्यवहार और धमकी देने का आरोप लगाया था। वकीलों ने अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी थी। हालांकि, ट्रांसफर के आदेश सामने आने के बाद 28 अक्टूबर को वकीलों ने अपनी हड़ताल वापस ले ली थी।
वकीलों के ट्रांसफर के बाद पुलिस महकमे में नाराजगी
अधिकारियों के तबादले से नाराज कुछ पुलिसकर्मियों ने इसके विरोध में उतरने की योजना बनाई थी। सोमवार को होने वाले इस प्रदर्शन के लिए दिल्ली पुलिस के विभिन्न व्हाट्सऐप ग्रुपों के जरिए मैसेज प्रसारित किए गए थे।
इन संदेशों में पुलिसकर्मियों से मुख्यालय पहुंचने की अपील की गई थी ताकि दोनों अधिकारियों की पुरानी पोस्टिंग बहाल करने की मांग उठाई जा सके। इस सुगबुगाहट के बाद जिला डीसीपी और यूनिट प्रमुखों को यह निर्देश दिए गए थे कि वे अपने अधीन आने वाले कर्मियों को मुख्यालय तक पहुंचने से रोकें।
मुख्यालय के बाहर जुटे पुलिसकर्मी
तमाम पाबंदियों के बावजूद सोमवार सुबह करीब 150 पुलिसकर्मी मुख्यालय के बाहर जमा हो गए। स्थिति को संभालते हुए नई दिल्ली के डीसीपी सचिन शर्मा मौके पर पहुंचे और ACP मनस्वी वशिष्ठ समेत प्रदर्शनकारी पुलिसकर्मियों को समझाने का प्रयास किया।
अधिकारियों ने उन्हें प्रदर्शन समाप्त कर मुख्यालय के अंदर जाने को कहा, लेकिन पुलिसकर्मी अपनी मांग पर अड़े रहे। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल के रूप में पुलिसकर्मियों ने पुलिस कमिश्नर अनुराग कुमार से मुलाकात कर अपना पक्ष रखा।
