बॉलीवुड अभिनेता तुषार कपूर से 5 करोड़ रुपये की फिरौती मांगने का मामला सामने आया है। अभिनेता को लॉरेंस गैंग के सदस्य हैरी बॉक्सर के नाम से धमकी भरा कॉल मिला था। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुंबई पुलिस ने इसकी जांच एंटी-एक्सटॉर्शन सेल और क्राइम ब्रांच को सौंप दी है।
क्राइम ब्रांच की टेक्निकल टीम ने धमकी भरे कॉल की ऑडियो रिकॉर्डिंग की बारीकी से जांच की। इसके बाद इस आवाज का मिलान हैरी बॉक्सर के आधिकारिक ऑडियो सैंपल से किया गया। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के मुताबिक, दोनों आवाजें आपस में मेल नहीं खाती हैं। शुरुआती जांच के आधार पर पुलिस को संदेह है कि यह कॉल फर्जी था और किसी ने सिर्फ गैंग का नाम लेकर दहशत फैलाने की कोशिश की है। अब पुलिस उस व्यक्ति की तलाश में जुटी है जिसने यह ऑडियो रिकॉर्डिंग भेजी थी।
इंडस्ट्री के कई अन्य सितारे भी रहे हैं निशाने पर
लॉरेंस गैंग और हैरी बॉक्सर का नाम इससे पहले भी फिल्म इंडस्ट्री से जुड़ी हस्तियों को धमकाने के मामलों में आ चुका है। कुछ समय पहले बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह के मैनेजर को एक वॉइस नोट भेजकर 10 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी गई थी और रकम न मिलने पर जान से मारने की धमकी दी गई थी।
इसके अलावा, फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के आवास के बाहर हुई फायरिंग की घटना के पीछे भी इसी गैंग का हाथ बताया गया था, जिसकी जिम्मेदारी एक वॉइस नोट के जरिए ली गई थी। पंजाबी और बॉलीवुड गायक गुरु रंधावा को भी इसी गैंग से धमकी मिल चुकी है। सलमान खान से नजदीकियों के चलते उनके दिल्ली स्थित एक जिम पर फायरिंग करवाने की बात सामने आई थी। साथ ही, कॉमेडियन कपिल शर्मा के कनाडा स्थित कैफे पर भी फायरिंग की घटना हो चुकी है।
तुषार कपूर का फिल्मी सफर
तुषार कपूर दिग्गज अभिनेता जितेंद्र और निर्माता शोभा कपूर के बेटे हैं, जबकि उनकी बहन एकता कपूर जानी-मानी फिल्म और टीवी प्रोड्यूसर हैं। उन्होंने साल 2001 में रिलीज हुई फिल्म 'मुझे कुछ कहना है' से अभिनय की दुनिया में कदम रखा था। इस फिल्म में उनके साथ करीना कपूर थीं, जो बॉक्स ऑफिस पर सफल रही और इसके लिए उन्हें बेस्ट मेल डेब्यू का फिल्मफेयर अवॉर्ड मिला।
हालांकि उन्हें मुख्य पहचान कॉमेडी फिल्मों से मिली, जिनमें 'क्या कूल हैं हम' और 'गोलमाल' फ्रेंचाइजी की फिल्में शामिल हैं। इसके अलावा उन्होंने 'शोर इन द सिटी' जैसी फिल्मों में भी अपने अभिनय की छाप छोड़ी। फिल्मों के साथ-साथ उन्होंने वेब सीरीज में भी काम किया है। साल 2021 में उन्होंने अपनी किताब 'बैचलर डैड' के जरिए सिंगल फादर बनने के अपने अनुभवों को साझा किया था। जून 2016 में वह सरोगेसी के जरिए बेटे लक्ष्य के पिता बने थे।
