सागर के केंट थाना क्षेत्र के पटकुई गांव स्थित एक इलेक्ट्रॉनिक गोदाम से हुई चोरी के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को दबोच लिया है। गोदाम में काम करने वाले कर्मचारियों ने ही सुनियोजित तरीके से लाखों का माल पार कर दिया था। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर भारी मात्रा में स्पीकर और ईयरबड्स बरामद किए हैं।
स्टॉक मिलान में सामने आया था फर्जीवाड़ा
सिविल लाइन निवासी आकाश फब्बानी की अदिति गैस एजेंसी के पास मोबाइल की थोक दुकान है, जबकि पटकुई में इलेक्ट्रॉनिक सामान का मुख्य गोदाम संचालित होता है। आकाश रजक और शुभम शिल्पी इसी गोदाम में काम करते थे।
सीएसपी ललित कश्यप के मुताबिक, 28 सितंबर से 18 अक्टूबर के बीच आरोपियों ने गोदाम से धीरे-धीरे सामान चोरी करना शुरू किया। स्टॉक का मिलान करने और सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर चोरी का यह पूरा खेल उजागर हुआ। फर्जीवाड़ा सामने आते ही दोनों आरोपी काम छोड़कर फरार हो गए थे, जिसके बाद दुकान मालिक ने कैंट थाने में शिकायत दर्ज कराई।
तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर हुई गिरफ्तारी
शिकायत मिलने के बाद थाना प्रभारी रोहित डोंगरे के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय करने के साथ तकनीकी साक्ष्यों की मदद ली।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एसपी बंगले के पास रहने वाले 22 वर्षीय आकाश रजक और पटकुई निवासी 26 वर्षीय शुभम शिल्पी को धर दबोचा। पूछताछ के बाद आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने गोदाम से गायब हुआ माल जब्त कर लिया।
बरामद सामान और आगे की कार्रवाई
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 360 स्पीकर, 200 एयरपॉड्स और 945 सीएमएफ ईयरबड्स समेत अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए हैं। जब्त किए गए कुल सामान की अनुमानित कीमत 2.34 लाख रुपए आंकी गई है।
कैंट पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर अदालत में पेश कर दिया है। इस पूरी रिकवरी और खुलासे में थाना प्रभारी रोहित डोंगरे और उपनिरीक्षक संजय बामनिया की टीम सक्रिय रूप से शामिल रही।
