मप्र के नीमच में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने दो तस्करों को दबोचा है। आरोपियों के कब्जे से 100.8 ग्राम एमडी ड्रग्स और 10 किलो से अधिक डोडाचूरा बरामद किया गया है। ज ्तशुदा मादक पदार्थों और परिवहन में इस्तेमाल वाहन की कुल कीमत 21 लाख 30 हजार रुपए आंकी गई है।
मनासा नाका पर नाकाबंदी के दौरान पकड़ाए
नीमच सिटी पुलिस के मुताबिक, 1 नवंबर को मुखबिर से विशेष सूचना मिली थी। इसके आधार पर पुलिस टीम ने मनासा नाका पर घेराबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान संदिग्ध ब्रेजा कार (क्रमांक MP 44 ZD 3819) वहां से गुजर रही थी, जिसे रोककर तलाशी ली गई।
गाड़ी की जांच के दौरान पुलिस ने कार सवार दो लोगों के पास से अवैध मादक पदार्थ बरामद किए। पकड़े गए आरोपियों की पहचान 42 वर्षीय श्रवण कुमार (निवासी ग्राम रायसिंहपुरा) और 39 वर्षीय मुबिन मंसुरी (निवासी राजीव नगर, नीमच) के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
परिवहन में प्रयुक्त कार और मोबाइल जब्त
कार की तलाशी में पुलिस को 100.8 ग्राम एमडी ड्रग्स और 10 किलो 610 ग्राम डोडाचूरा मिला। तस्करी में इस्तेमाल की जा रही सफेद ब्रेजा कार के अलावा आरोपियों के पास से तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे किसे डिलीवर किया जाना था।
यह कार्रवाई राज्य स्तर पर चल रहे 15 दिवसीय एंटी नारकोटिक्स अभियान का हिस्सा है। पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल एवं सीएसपी किरण चौहान के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई अंजाम दी गई। इसमें नीमच सिटी थाना प्रभारी निरीक्षक विजय सागरिया और साइबर सेल की टीम शामिल रही।
