दमोह जिले के पथरिया थाना क्षेत्र में रविवार शाम पुरानी रंजिश के चलते एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। सेमरा बुजुर्ग गांव के पास गढ़ाकोटा के रहने वाले 35 वर्षीय परम उर्फ चिक्कू यादव की हत्या कर दी गई। हमलावरों ने पहले उनकी बाइक के आगे कार अड़ाकर उन्हें गिराया, फिर धारदार हथियारों से वार करने के बाद उन पर कई बार कार चढ़ा दी।
वारदात के वक्त मृतक का छोटा भाई अनिल यादव दूसरी बाइक से कुछ ही दूरी पर पीछे चल रहा था। भाई को बचाने की कोशिश करने पर हमलावरों ने उसकी तरफ भी रुख किया, जिसके बाद वह जान बचाकर मौके से भाग निकला। गंभीर रूप से घायल परम को 108 एंबुलेंस से पथरिया स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी अस्पताल पहुंचे और परिजनों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
जीजा के घर से लौटते वक्त हुआ हमला
मृतक के भाई अनिल यादव के मुताबिक, उनका परिवार सागर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के टड़ा गांव में अपनी बहन के घर गया था। कुछ दिन पहले उनके बहनोई का निधन हुआ था, जिसके शोक में परिवार वहीं रुका हुआ था। रविवार शाम सभी लोग अपने घर लौट रहे थे।
परम अपनी पत्नी के साथ बाइक पर आगे चल रहे थे, जबकि अनिल थोड़ा पीछे था। सेमरा बुजुर्ग गांव के पास पहुंचते ही एक कार ने परम की बाइक को ओवरटेक कर आगे रोक लिया, जिससे वे असंतुलित होकर सड़क पर गिर पड़े। अनिल का आरोप है कि इसके बाद कार सवार लोगों ने उन पर हथियारों से हमला किया और गाड़ी चढ़ा दी।
छह लोगों पर नामजद आरोप, पुरानी रंजिश की बात आई सामने
परिजनों ने इस मामले में पिम्मू यादव, छोटू यादव, नरेंद्र यादव, बाबूलाल यादव, वीरेंद्र यादव और नीरज यादव पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। मृतक के भाई का दावा है कि दोनों पक्षों के बीच कई साल से रंजिश चल रही थी। कुछ साल पहले उनके परिवार के एक सदस्य ने दूसरे पक्ष के एक युवक की हत्या की थी, तभी से दोनों परिवारों में तनाव था।
अनिल के अनुसार, इसी पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने पहले भी बदला लेने की धमकी दी थी। घटना के बाद से इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी ने परिजनों से मुलाकात कर हर पहलू की बारीकी से जांच के निर्देश दिए हैं। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है और फॉरेंसिक टीम साक्ष्य जुटा रही है।
