निकाय चुनाव से पहले केकड़ी की राजनीति में बड़ा सियासी घटनाक्रम सामने आया है। पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष एवं भाजपा नेता अनिल मित्तल ने भाजपा को छोड़कर कांग्रेस का दामन थाम लिया। पटेल मैदान स्थित कांग्रेस कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पूर्व विधायक डॉ. रघु शर्मा, पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष शैलेन्द्र सिंह शक्तावत सहित कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मित्तल का कांग्रेस पार्टी का दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया। अनिल मित्तल के कांग्रेस में शामिल होने से निकाय चुनाव से पहले केकड़ी की सियासत में मुकाबला और रोचक होने के साथ दोनों प्रमुख दलों के बीच घमासान बढ़ने के आसार बन गए हैं। मित्तल की स्थानीय राजनीति में लंबे समय से सक्रियता और विभिन्न पदों पर रहे अनुभव को देखते हुए उनके कांग्रेस में शामिल होने को चुनावी समीकरणों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।बोले मित्तल-भाजपा में रहकर घुट रहा था दम-कांग्रेस में शामिल होने के बाद आयोजित प्रेस वार्ता में अनिल मित्तल ने कहा कि पूर्व विधायक डॉ. रघु शर्मा के नेतृत्व में केकड़ी में ऐतिहासिक विकास कार्य हुए हैं। उनके कार्यकाल में केकड़ी जिला बना था, लेकिन भाजपा सरकार ने केकड़ी का जिला समाप्त कर यहां के लोगों के साथ अन्याय किया है। मित्तल ने कहा कि वे डॉ. रघु शर्मा के विकास कार्यों से प्रभावित हुए हैं और इसी कारण कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की है। उन्होंने कहा कि भाजपा में रहकर उनका दम घुट रहा था और पार्टी में जिस तरह की राजनीति चल रही थी, उससे वे संतुष्ट नहीं थे। मित्तल ने कहा कि अब वे कांग्रेस कार्यकर्ता के रूप में मरते दम तक पार्टी के साथ रहेंगे और उनका पूरा राजनीतिक जीवन कांग्रेस को समर्पित रहेगा।कांग्रेस को मजबूत करने वाला कदम : रघु शर्मा-पूर्व चिकित्सा मंत्री एवं पूर्व विधायक डॉ. रघु शर्मा ने कहा कि अनिल मित्तल के कांग्रेस में आने से पार्टी को मजबूती मिली है। उन्होंने कहा कि आगामी निकाय, पंचायती राज और विधानसभा सहित सभी चुनावों में मित्तल के कांग्रेस में शामिल होने का पार्टी को लाभ मिलेगा।36 वर्षों से सक्रिय राजनीति में रहे मित्तल-अनिल मित्तल करीब 36 वर्षों से सक्रिय राजनीति में रहे हैं। उन्होंने अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत छात्र राजनीति से की। वर्ष 1995 में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के माध्यम से राजकीय महाविद्यालय के छात्रसंघ अध्यक्ष का दायित्व संभाला। इसके बाद उन्होंने युवा मोर्चा, व्यापार प्रकोष्ठ और शहर मंडल उपाध्यक्ष सहित संगठन के विभिन्न पदों पर कार्य किया। मित्तल वर्ष 2015 से 2020 तक केकड़ी नगर पालिका के चेयरमैन रहे। इसके बाद उन्होंने भाजपा में संभाग संयोजक, प्रभारी तथा भाजपा लघु उद्योग प्रकोष्ठ अजमेर देहात के संयोजक जैसे दायित्व भी संभाले। लंबे समय तक भाजपा संगठन में सक्रिय रहने के बाद अब उनका कांग्रेस में शामिल होना निकाय चुनाव से पहले पार्टी के लिए महत्वपूर्ण राजनीतिक घटनाक्रम माना जा रहा है।स्थानीय राजनीति में बढ़ी हलचल-मित्तल के कांग्रेस में शामिल होने के बाद अब निकाय चुनाव में भाजपा और कांग्रेस के बीच मुकाबला और अधिक दिलचस्प होने की उम्मीद है। कांग्रेस में उनकी एंट्री से पार्टी को स्थानीय स्तर पर एक अनुभवी राजनीतिक चेहरा मिला है, वहीं भाजपा के लिए यह घटनाक्रम चुनाव से पहले झटका माना जा रहा है। आने वाले दिनों में मित्तल के कांग्रेस में शामिल होने का असर वार्ड स्तर के चुनावी समीकरणों पर भी देखने को मिल सकता है।
भाजपा को झटका, पूर्व पालिकाध्यक्ष अनिल मित्तल ने थामा कांग्रेस का दामन
आपणो राजस्थान
