भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता बिना तथ्यों के बयानबाजी कर जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं। अशोक गहलोत कुछ भी बोलते रहते हैं, लेकिन सच्चाई यह है कि भारतीय जनता पार्टी ने हमेशा महिला सशक्तिकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। भाजपा की सरकारें केवल घोषणाएं नहीं करतीं, बल्कि महिलाओं के सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक सशक्तिकरण के लिए ठोस योजनाओं के माध्यम से कार्य करती हैं। राठौड़ ने कहा कि भाजपा जनता को धोखा देने की राजनीति नहीं करती। कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में जनहित के अनेक महत्वपूर्ण कार्य उपेक्षित रहे, जबकि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान सरकार महिलाओं के उत्थान और आत्मनिर्भरता के लिए लगातार प्रभावी कदम उठा रही है। भजनलाल सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ बड़ी संख्या में महिलाओं तक पहुंच रहा है, जिससे उनका जीवन स्तर बेहतर हुआ है और वे आर्थिक रूप से सशक्त बन रही हैं।भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि केंद्र सरकार की ड्रोन दीदी योजना के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को आधुनिक तकनीक से जोड़कर उन्हें रोजगार और आय के नए अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इस योजना से महिलाओं की भागीदारी कृषि क्षेत्र में बढ़ी है तथा वे नई तकनीकों का उपयोग कर आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं। भाजपा सरकार ने महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए अनेक योजनाएं संचालित की हैं। प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के माध्यम से लाखों महिलाओं को बिना गारंटी के ऋण उपलब्ध कराया गया, जिससे उन्होंने स्वरोजगार और छोटे उद्योग स्थापित कर अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत की है। इसके अतिरिक्त स्वयं सहायता समूहों को प्रोत्साहन, कौशल विकास कार्यक्रमों तथा विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है।भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, पुलिस तथा अन्य विभागों में महिलाओं को अधिक अवसर प्रदान किए गए हैं। इसके साथ ही सुरक्षा, सम्मान और समान अवसर सुनिश्चित करने के उद्देश्य से अनेक नीतिगत फैसले लिए गए हैं, जिनका सकारात्मक प्रभाव प्रदेश की महिलाओं पर स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। भाजपा का लक्ष्य केवल महिलाओं के लिए योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उन्हें समाज और अर्थव्यवस्था की मुख्यधारा में सशक्त भागीदारी दिलाना है। इसके विपरीत कांग्रेस ने अपने शासनकाल में केवल बड़े-बड़े वादे किए, लेकिन धरातल पर अपेक्षित परिणाम नहीं दिए। राठौड़ ने कहा कि प्रदेश की जनता भाजपा सरकार के विकास कार्यों, पारदर्शी शासन और महिला हितैषी नीतियों को देख रही है। राठौड़ ने कहा कि भाजपा सरकार महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के लिए प्रतिबद्ध रहते हुए जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करती रहेगी।