जयपुर के खोरा बीसल थाना इलाके में भाईदूज पर बहन के घर आए एक युवक से बीच सड़क पर कार हटाने को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि हॉर्न बजाने से गुस्साए लोगों ने पीड़ित की कार पर पत्थर बरसाकर शीशे तोड़ दिए। इसके बाद उसे कार से बाहर खींचकर मारपीट की गई, जिससे उसके मुंह पर गंभीर चोटें आईं और दांत टूट गया। घटना के संबंध में पीड़ित ने गुरुवार को थाने में नामजद एफआईआर दर्ज कराई है।
हॉर्न बजाने पर भड़के लोग
झुंझुनूं के उदयपुरवाटी निवासी 24 वर्षीय अभिषेक शर्मा भाईदूज के मौके पर निवारू रोड स्थित विश्वनाथ धाम कॉलोनी में अपनी बहन के घर आए थे। दोपहर करीब तीन बजे जब वे बहन के घर के पास पहुंचे, तो रास्ते के बीचों-बीच काले रंग की एक XUV खड़ी हुई थी। रास्ता साफ कराने के लिए अभिषेक ने गाड़ी का हॉर्न बजाया।
हॉर्न की आवाज सुनकर मकान के भीतर से दो युवक बाहर आए और गाली-गलौच करने लगे। विवाद बढ़ा तो आरोपियों के पक्ष में उनके परिवार और परिचित के 10 से 15 लोग और मौके पर जमा हो गए। सभी ने मिलकर कार हटाने के बजाय हॉर्न बजाने पर आपत्ति जताते हुए हंगामा शुरू कर दिया।
बाल पकड़कर खींचा, कार में तोड़फोड़
खोरा बीसल थाने के सहायक उप निरीक्षक (ASI) शैतान सिंह ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आरोपियों ने पथराव कर कार के आगे और साइड के शीशे चकनाचूर कर दिए। इसके बाद अभिषेक को जबरन गाड़ी से बाहर निकाला गया और बाल पकड़कर उसके चेहरे पर ताबड़तोड़ मुक्के बरसाए गए, जिससे उसका एक दांत टूट गया।
हंगामे की आवाज सुनकर घर के भीतर से बहन, जीजा और उनका छोटा भाई बचाव के लिए बाहर आए। बीच-बचाव करने पहुंचे परिजनों के साथ भी हमलावरों ने मारपीट की। किसी तरह जान बचाकर पीड़ित परिवार ने घर के अंदर भागकर शरण ली। इसके बाद लहूलुहान हालत में अस्पताल पहुंचकर अभिषेक ने प्राथमिक उपचार करवाया और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। फिलहाल पुलिस फुटेज और स्थानीय लोगों के बयानों के आधार पर आरोपियों की पहचान और तलाश में जुटी है।
