जयपुर के करधनी थाना इलाके में बुधवार रात हिस्ट्रीशीटर विजय चौधरी उर्फ विजय बाजिया की हत्या के मामले में पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वारदात में इस्तेमाल कैम्पर गाड़ी भी जब्त कर ली गई है। मुख्य आरोपी ने पूछताछ में खुलासा किया कि उसने सात साल पहले अपने पिता की हत्या का बदला लेने के लिए इस पूरी वारदात की योजना बनाई थी।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान अनीश गोल्या उर्फ जग्गू (21), कमलेश गोल्या उर्फ कमल उर्फ जोरू (23), युवराज चौधरी (23) और दिनेश चौधरी उर्फ दीनू (23) के रूप में हुई है। चारों आरोपी जोबनेर के रहने वाले हैं। पुलिस ने गुरुवार तड़के चारों को करधनी इलाके से ट्रेस कर दबोच लिया। डीसीपी वेस्ट प्रशांत किरण ने बताया कि वारदात के बाद आरोपी मंदिर गए थे और इसके बाद सरेंडर करने पहुंचे थे, हालांकि पुलिस इस दावे की औपचारिक पुष्टि नहीं कर रही है।
बीटेक पास मुख्य आरोपी ने रची थी साजिश
मुख्य आरोपी अनीश गोल्या ने जयपुर के एक प्राइवेट कॉलेज से बीटेक किया है। वह घटना से पांच महीने पहले तक जयपुर की एक कॉर्पोरेट कंपनी में नौकरी कर रहा था। पुलिस जांच में सामने आया कि 2019 में विजय बाजिया और उसके साथियों ने जोबनेर इलाके में अनीश के पिता कैलाश गोल्या की हत्या कर दी थी। इसी पुरानी रंजिश के चलते अनीश ने बदला लेने की ठान ली थी।
हत्या की इस वारदात को अंजाम देने के लिए आरोपियों ने पहले ही कुल्हाड़ियां खरीदी थीं। बुधवार रात जगदम्बा नगर में आरोपियों ने कैम्पर गाड़ी से विजय की फॉर्च्यूनर को टक्कर मारकर रोका। टक्कर लगने से विजय की गाड़ी खराब हो गई थी। जब वह जान बचाने के लिए गाड़ी से उतरकर भागा, तो आरोपियों ने लाठी-डंडों और कुल्हाड़ियों से हमला कर उसकी हत्या कर दी। सिर में गंभीर वार किए जाने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
15 आपराधिक मामले थे दर्ज
डीसीपी वेस्ट प्रशांत किरण ने बताया कि मारा गया 25 वर्षीय विजय बाजिया जोबनेर थाने का हिस्ट्रीशीटर था। उसके खिलाफ जोबनेर, कालवाड़ और करधनी थानों में हत्या के दो मामलों समेत कुल 15 आपराधिक मामले दर्ज थे। वह पिछले करीब 10 साल से अपराध की दुनिया में सक्रिय था और कई गैंग्स के संपर्क में था। पिछले कुछ समय से वह कालवाड़ इलाके में किराए का फ्लैट लेकर प्रॉपर्टी का कारोबार कर रहा था।
हत्या से कुछ समय पहले ही विजय खेजड़ावास ग्राम पंचायत से सरपंच का चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहा था। इसके लिए उसने इलाके में अपने पोस्टर भी लगवाए थे, लेकिन आपराधिक पृष्ठभूमि और मुकदमों के कारण ग्रामीण उसका विरोध कर रहे थे।
वीडियो बनाने वाले की सराहना
पुलिस ने इस सनसनीखेज वारदात के दौरान सूझबूझ दिखाने वाले एक स्थानीय नागरिक की सराहना की है। डीसीपी वेस्ट ने बताया कि घर की छत से एक व्यक्ति ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो रिकॉर्ड किया और बिना किसी पूर्व परिचय के बदमाशों को वहां से हटाने का प्रयास भी किया। पुलिस फिलहाल इस मामले में फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाने और अन्य कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
