हरियाणा के फरीदाबाद में शुक्रवार रात मामूली विवाद पर टेक महिंद्रा के एशिया हेड परमजीत धनखड़ की गोली मारकर हत्या कर दी गई। सेक्टर-21C स्थित एक रेजिडेंशियल बिल्डिंग में रहने वाले पड़ोसी ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग की। पुलिस के मुताबिक, वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी परिवार समेत मौके से फरार हो गया है।
जिम से लौटते वक्त हुआ विवाद
सूरजकुंड थाना पुलिस के अनुसार, दोनों परिवारों के बीच पार्किंग में गाड़ी खड़ी करने और कुत्ते को शौच कराने को लेकर काफी समय से रंजिश चल रही थी। शुक्रवार रात परमजीत जिम से घर लौटे तो उन्होंने अपनी तय जगह पर पड़ोसी मोनू शर्मा की गाड़ी खड़ी पाई। उन्होंने गाड़ी हटाने को कहा, जिसके बाद दोनों पक्षों में तीखी बहस शुरू हो गई।
गुस्से में आकर मोनू ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल निकाली और परमजीत पर करीब 15 राउंड गोलियां चला दीं। इनमें से 9 गोलियां परमजीत को लगीं, जिससे उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। गोलीबारी की आवाज सुनकर बाहर आए उनके बेटे शौर्य ने तुरंत पुलिस को वारदात की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम को घटनास्थल से कारतूसों के कई खाली खोल बरामद हुए हैं।
चार दिन पहले भी हुआ था झगड़ा
मूल रूप से फरीदाबाद के रहने वाले परमजीत सिंगापुर में नौकरी करते थे और हाल ही में 5 नवंबर को भारत आए थे। उन्हें इसी महीने 24 नवंबर को अपने भांजे की शादी में शामिल होना था।
सूरजकुंड थाना प्रभारी प्रह्लाद ने बताया कि सेक्टर-21C की बिल्डिंग नंबर 641 की पहली मंजिल पर परमजीत का परिवार रहता है, जबकि आरोपी मोनू शर्मा तीसरी मंजिल का निवासी है। दोनों पक्षों के बीच चार-पांच दिन पहले भी पार्किंग को लेकर कहासुनी हुई थी, हालांकि तब स्थानीय स्तर पर मामला शांत करा दिया गया था।
पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
बेटे शौर्य की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुख्य आरोपी मोनू शर्मा उर्फ मोहन के अलावा उसकी पत्नी दिव्या, बेटे मयंक, बेटी नैना और भाई हेतराम के खिलाफ हत्या समेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवा दिया है। फिलहाल आरोपी परिवार की तलाश में कई टीमें दबिश दे रही हैं।
