सागर जिले के प्रसिद्ध रानगिर मंदिर समिति के एक सदस्य पर गंभीर आरोप सामने आए हैं। बुधवार को करणी सेना ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर अनिल दुबे के खिलाफ ज्ञापन सौंपा। संगठन का आरोप है कि मंदिर समिति के सदस्य क्षत्रिय समाज के युवकों और कार्यकर्ताओं को झूठे मामलों में फंसाने की धमकी दे रहे हैं।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि मंदिर परिसर के भीतर महिला श्रद्धालुओं के साथ अभद्र व्यवहार किया जा रहा है और वीआईपी दर्शन के नाम पर अवैध वसूली चल रही है। करणी सेना का कहना है कि इन गतिविधियों का विरोध करने वाले युवाओं को मारपीट और झूठी एफआईआर में उलझाने की धमकियां दी जा रही हैं।
झूठी शिकायत और पुराने मामलों का दावा
संगठन ने ज्ञापन में कहा है कि अनिल दुबे ने चंद्रभान सिंह, राजेंद्र सिंह, प्रेम सिंह, रामअवतार सिंह, धर्मेंद्र सिंह, राहुल सिंह और राघवेंद्र सिंह के खिलाफ एसपी कार्यालय में झूठी शिकायत दर्ज कराई है।
करणी सेना ने यह भी दावा किया है कि अनिल दुबे के खिलाफ पहले से ही रहली थाने में धोखाधड़ी, जमीन हड़पने और चोरी जैसे आपराधिक मामले दर्ज हैं। संगठन ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि इन तमाम आरोपों की निष्पक्ष जांच कराई जाए, तत्काल एफआईआर दर्ज की जाए और आरोपी को मंदिर समिति से निष्कासित किया जाए।
निष्पक्ष जांच की मांग
करणी सेना के जिला अध्यक्ष शैलेंद्र ठाकुर ने मीडिया से बातचीत में कहा कि मंदिर की पवित्रता बनाए रखने और श्रद्धालुओं के साथ हो रहे दुर्व्यवहार को रोकने के लिए प्रशासन को तुरंत कदम उठाना चाहिए। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। फिलहाल पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है।
