कटनी के बरगवां इलाके में एलआईसी कार्यालय के पास स्थित 'किसना ज्वेलर्स' शोरूम को चोरों ने अपना निशाना बनाया है। दुकान के पिछले हिस्से की दीवार में सेंध लगाकर घुसे चोर डिस्प्ले काउंटर और तिजोरियों में रखा करीब 12 करोड़ रुपए का सोना और हीरे का जेवर समेट ले गए।
घटना का खुलासा गुरुवार सुबह करीब 11 बजे हुआ, जब शोरूम संचालक मोहन बजाज ने दुकान का शटर उठाया। अंदर पहुंचते ही उन्हें सामान बिखरा हुआ मिला और सारे काउंटर खाली पड़े थे।
दिवाली के स्टॉक के कारण बढ़ा नुकसान
संचालक मोहन बजाज के मुताबिक, त्योहारी सीजन और दिवाली की खरीदारी के मद्देनजर शोरूम में ज्वेलरी का अतिरिक्त स्टॉक मंगाया गया था। चोरों ने इसी बड़े स्टॉक को निशाना बनाया और सोने-हीरे के महंगे जेवर पार कर दिए। शुरुआती अनुमान के मुताबिक चोरी गए सामान की कुल कीमत 12 करोड़ रुपए आंकी गई है।
सुबह 4 से 7 बजे के बीच वारदात की आशंका
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक (एसपी) अभिनव विश्वकर्मा ने मौके पर पहुंचकर मुआयना किया। पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच के आधार पर यह वारदात 12 नवंबर की सुबह 4 से 7 बजे के बीच अंजाम दिए जाने की आशंका है। चोरों ने सुनियोजित तरीके से पिछली दीवार में नकब लगाई और सीधे स्ट्रॉन्ग रूम व डिस्प्ले यूनिट्स तक पहुंचे।
सीसीटीवी और फॉरेंसिक जांच जारी
पुलिस ने शोरूम के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरों के डीवीआर को कब्जे में ले लिया है। इसके अलावा, आरोपियों के आने और भागने के संभावित रास्तों का पता लगाने के लिए आसपास के रास्तों और चौराहों पर लगे कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट्स ने साक्ष्य जुटाए हैं।
