जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले के मारवाह इलाके के जंगलों से बुधवार शाम लापता हुए दो स्पेशल पुलिस ऑफिसर (SPO) के शव बरामद किए गए हैं। दोनों जवानों के शरीर गोलियों से छलनी मिले हैं। तलाशी अभियान के दौरान सुरक्षाबलों को उनके शव पास के वन क्षेत्र में पड़े मिले।
मृतक जवानों की पहचान रशपाल कुमार और बाबी चंद के रूप में हुई है। अधिकारियों के मुताबिक, दोनों SPO सेना के साथ इलाके में सर्च ऑपरेशन के लिए गए थे। अभियान के दौरान जब वे लापता हुए, उसी समय जंगल से ताबड़तोड़ फायरिंग की आवाजें भी सुनी गई थीं।
हथियार गायब और नेटवर्क में बाधा
घटनास्थल से दोनों जवानों के सर्विस हथियार गायब मिले हैं। उनके पास 60 राउंड क्षमता वाली एक इंसास राइफल और 50 राउंड वाली एक .303 राइफल थी, जो बरामद नहीं हुई है।
अधिकारियों ने बताया कि दोनों SPO के लापता होने के दौरान मारवाह इलाके में एयरटेल नेटवर्क सेवाएं भी बाधित हो गई थीं। एयरटेल ने इसी साल 10 मार्च को इस दुर्गम इलाके में अपनी पहली मोबाइल नेटवर्क सेवा शुरू की थी। सुरक्षा एजेंसियां इस तकनीकी व्यवधान और आतंकी गतिविधि के संभावित कनेक्शन की भी जांच कर रही हैं।
कुलगाम में सीआरपीएफ कैंप पर हमला
किश्तवाड़ की घटना से पहले बुधवार दोपहर को कुलगाम जिले में सीआरपीएफ के अखरान कैंप पर आतंकवादियों ने हमला कर दिया। बाइक पर सवार होकर आए हमलावरों ने नाका ड्यूटी पर तैनात जवानों पर अचानक गोलियां बरसा दीं।
इस हमले में सीआरपीएफ की 46वीं बटालियन के तीन जवान घायल हो गए। घायलों की पहचान हेड कॉन्स्टेबल सोमवीर, कॉन्स्टेबल संतानो और कॉन्स्टेबल राकेश दास के रूप में हुई है।
हमले के सीसीटीवी फुटेज में सामने आया है कि हमलावरों ने महज 15 सेकंड के भीतर करीब 30 राउंड फायरिंग की। एक जवान के पैर, दूसरे के हाथ और तीसरे की पीठ में गोली लगी है। तीनों घायलों को अनंतनाग के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना के बाद गृह मंत्रालय में एक उच्च स्तरीय बैठक बुलाई गई, जिसमें सीआरपीएफ के महानिदेशक ने अधिकारियों को सुरक्षा स्थिति की जानकारी दी।
बारामूला में हैंड ग्रेनेड बरामद और पिछले आंकड़े
सुरक्षाबलों ने एक अन्य कार्रवाई में गुरुवार को बारामूला जिले के तंगमर्ग स्थित बदरकोट जंगल में तलाशी अभियान के दौरान दो हैंड ग्रेनेड बरामद किए। इस मामले में बदरकोट निवासी गुलाम जिलानी रेशी को गिरफ्तार किया गया है।
आंकड़ों के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर में पिछले तीन वर्षों के दौरान कुल 548 आतंकी घटनाएं दर्ज की गई हैं। इन वारदातों में 45 सुरक्षाकर्मी शहीद हुए हैं, जबकि सुरक्षाबलों की जवाबी कार्रवाई में 138 आतंकवादी मारे गए हैं।
