शनिवार सुबह मध्य प्रदेश के निमाड़ अंचल के कई इलाकों में भूगर्भीय हलचल दर्ज की गई। खंडवा और खरगोन जिलों के दर्जनों गांवों में सुबह करीब 9:12 बजे धरती हिलने से लोगों में दहशत फैल गई। डर के मारे ग्रामीण अपने घरों को छोड़कर खुले आसमान के नीचे आ गए। हालांकि, इस घटना को लेकर अभी तक जिला प्रशासन या मौसम विभाग की ओर से आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।
निमाड़ क्षेत्र के भगवानपुरा, बड़ी, बहादरपूरा, सुखपुरी और धूलकोट समेत कई गांवों में लोगों ने तेज कंपन महसूस किया। खंडवा के जावर और अमलपुरा क्षेत्र में भी इसी तरह के झटके लगे। स्थानीय निवासियों के मुताबिक, इन ग्रामीण इलाकों में इस तरह का कंपन पहली बार महसूस किया गया है, जिससे लोगों में कौतूहल और चिंता का माहौल बना हुआ है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बयां किया डर का मंजर
सुखपुरी गांव के रहने वाले धर्मेंद्र मंडलोई ने बताया कि सुबह अचानक घर का सामान हिलने लगा और तेज कंपन महसूस हुआ, जिससे ग्रामीण घबराकर तुरंत बाहर भागे। भगवानपुरा के महेश मालविया, खंडेराव पाटील, तिलोक मालविया और बड़ी गांव के शिवराम कनासे ने भी पुष्टि की कि उन्होंने अपने जीवन में पहली बार इस तरह के झटके महसूस किए हैं।
घटना के तुरंत बाद ग्रामीण अपने घरों से बाहर निकल आए और काफी देर तक खुले में खड़े रहे। हालांकि, शुरुआती झटकों के बाद स्थिति सामान्य हो गई है, लेकिन किसी बड़े नुकसान की अभी तक कोई सूचना नहीं मिली है।
पंधाना क्षेत्र रहा है पुराना केंद्र
खंडवा जिले का पंधाना इलाका भूगर्भीय हलचल के लिहाज से संवेदनशील माना जाता रहा है और यहां पहले भी भूकंपमापी यंत्र लगाए गए हैं। जानकारों के मुताबिक, इस क्षेत्र में टेक्टोनिक प्लेटों में हलचल के कारण इस तरह की घटनाएं अतीत में भी दर्ज की गई हैं। फिलहाल वैज्ञानिक और विशेषज्ञ इस पूरी घटना की जांच में जुटे हैं कि कंपन का केंद्र कहां था और इसकी तीव्रता रिक्टर स्केल पर कितनी रही।
