मध्य प्रदेश के खंडवा जिले में हुए सड़क हादसे में कांग्रेस नेता और एक अन्य युवक की मौत हो गई। सिंगोट क्षेत्र के लाछोरा गांव के पास कार और बोलेरो की आमने-सामने की टक्कर में यह हादसा हुआ। हादसे के वक्त कांग्रेस नेता एक कार्यक्रम से अपने घर लौट रहे थे।
सिंगोट के पास लाछोरा गांव में हुई भिड़ंत
यह दुर्घटना सिंगोट थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले लाछोरा गांव के पास हुई। बुरहानपुर जिले के खकनार ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अजय महाजन और सुनील नाम के युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत बाहर निकाला गया और नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया।
दीपावली मिलन समारोह से लौट रहे थे नेता
पुलिस के मुताबिक, अजय महाजन खंडवा में आयोजित एक दीपावली मिलन समारोह में शामिल होने आए थे। कार्यक्रम के बाद वे अपनी कार से वापस लौट रहे थे, तभी लाछोरा के पास उनकी गाड़ी की बोलेरो से भिड़ंत हो गई।
इस भीषण टक्कर में अजय महाजन के भांजे अक्षय चौधरी समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। दोनों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
नेताओं और कार्यकर्ताओं में शोक
हादसे की खबर मिलते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों में शोक की लहर दौड़ गई। घटना के बाद अस्पताल और घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
पूर्व केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता अरुण यादव ने इस सड़क दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
