आम आदमी पार्टी (AAP) ने पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की दूसरी सूची का ऐलान कर दिया है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने चंडीगढ़ में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान 31 नामों की इस नई लिस्ट की घोषणा की। इसके साथ ही पार्टी अब तक कुल 71 सीटों पर अपने प्रत्याशियों के नाम साफ कर चुकी है।
इस सूची में पार्टी ने दो मौजूदा सांसदों को विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए टिकट दिया है, जबकि कई मंत्रियों और विधायकों के पत्ते कट गए हैं। पार्टी इससे पहले 31 अक्टूबर को 40 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर चुकी है।
दो सांसदों को टिकट, कई मौजूदा विधायकों के कटे नाम
AAP ने संगरूर से लोकसभा सांसद गुरमीत सिंह मीत हेयर को बरनाला विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया है। वहीं, होशियारपुर से सांसद डॉ. राज कुमार चब्बेवाल को फगवाड़ा हलके से मैदान में उतारा गया है।
दूसरी सूची में शामिल 31 सीटों में से 2022 के पिछले विधानसभा चुनाव में 10 पर आम आदमी पार्टी ने जीत दर्ज की थी। हालांकि, इनमें से सिर्फ दो मौजूदा विधायकों—बल्लुआना से अमनदीप सिंह गोल्डी मुसाफिर और जगराओं से सरबजीत कौर मानुके—को ही पार्टी ने दोबारा मौका दिया है।
पार्टी ने कृषि मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां (लंबी हलका), पूर्व मंत्री और खरड़ विधायक अनमोल गगन मान, अमित रतन कोटफत्ता, कुंवर विजय प्रताप, लालजीत भुल्लर, रमन अरोड़ा, कुलवंत बाजीगर और चरणजीत सिंह के टिकट काट दिए हैं। लंबी से गुरमीत सिंह खुड्डियां की जगह रणधीर सिंह धीरा खुड्डियां को उम्मीदवार बनाया गया है।
दल बदलकर आए नेताओं को भी जगह
इस लिस्ट में दूसरे दलों से हाल ही में पार्टी में शामिल हुए चेहरों पर भी भरोसा जताया गया है। अकाली दल छोड़कर AAP में आए पूर्व विधायक पवन कुमार टीनू को आदमपुर सीट से टिकट दिया गया है। वहीं, सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र से स्वर्ण सलारिया को उम्मीदवार बनाया गया है, जो भाजपा छोड़कर पार्टी में आए थे।
इसके अलावा, पंजाबी फिल्मों की अभिनेत्री सोनिया मान को अमृतसर की राजा सांसी सीट से टिकट मिला है। सोनिया मान 23 फरवरी 2025 को आम आदमी पार्टी में शामिल हुई थीं। वह किसान नेता बलदेव सिंह मान की बेटी हैं और पंजाबी के अलावा हिंदी, मलयालम, तेलुगु और मराठी फिल्मों में काम कर चुकी हैं।
बठिंडा रूरल से अमित रतन का टिकट कटा, हरियाणा में दर्ज है FIR
बठिंडा रूरल सीट से मौजूदा विधायक अमित रतन कोटफत्ता का टिकट पार्टी ने काट दिया है। अमित रतन पर पंजाब में भ्रष्टाचार का एक केस दर्ज है। वह हरियाणा की आईएएस अधिकारी अमनीत पी. कुमार के भाई हैं। अमनीत पी. कुमार के पति आईपीएस पूर्ण कुमार के हरियाणा में हुए चर्चित सुसाइड के बाद, यह मामला तब और सुर्खियों में आया जब हरियाणा पुलिस के एएसआई संदीप लाठर की आत्महत्या के मामले में अमित रतन का नाम सामने आया।
मृतक एएसआई संदीप की पत्नी संतोष की शिकायत पर दर्ज एफआईआर में आईएएस अमनीत पी. कुमार, उनके भाई अमित रतन और दो अन्य लोगों को आरोपी बनाया गया है। इन सभी पर संदीप को आत्महत्या के लिए उकसाने और आपराधिक साजिश रचने के आरोप हैं। इस मामले की जांच फिलहाल एक एसआईटी (SIT) कर रही है।
