खाटूश्यामजी के भक्तों के लिए दिल्ली से स्पेशल ट्रेन, जानिए पूरा शेड्यूल

खाटूश्यामजी के भक्तों के लिए रेलवे ने सावन शुक्ल पक्ष की एकादशी के अवसर पर दिल्ली और रींगस के बीच स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है। यात्रियों की संभावित भीड़ को देखते हुए यह ट्रेन जनरल कोच एक्सप्रेस स्पेशल के रूप में संचालित होगी। ट्रेन के जरिए दिल्ली से आने वाले श्रद्धालुओं को रींगस तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी।

22 अगस्त को दिल्ली से रवाना होगी ट्रेन

उत्तर-पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार, ट्रेन नंबर 04415 दिल्ली सराय रोहिल्ला-रींगस जनरल कोच स्पेशल 22 अगस्त की शाम 7:10 बजे दिल्ली सराय रोहिल्ला से रवाना होगी। ट्रेन रात 12:40 बजे रींगस जंक्शन पहुंचेगी।

वापसी में ट्रेन नंबर 04416 रींगस-दिल्ली सराय रोहिल्ला स्पेशल 23 अगस्त को रात 2:00 बजे रींगस जंक्शन से रवाना होगी और सुबह 6:30 बजे दिल्ली सराय रोहिल्ला पहुंचेगी।

इन स्टेशनों पर होगा ठहराव

दिल्ली से रींगस के बीच चलने वाली इस एकादशी स्पेशल ट्रेन का ठहराव कई प्रमुख स्टेशनों पर होगा। ट्रेन दिल्ली कैंट, गुड़गांव, पटौदी रोड, रेवाड़ी जंक्शन, नारनौल और नीम का थाना रेलवे स्टेशनों पर रुकेगी।

रींगस पहुंचने के बाद श्रद्धालु सड़क मार्ग से खाटूश्यामजी मंदिर जा सकेंगे।

सभी 11 कोच होंगे जनरल

रेलवे के अनुसार यात्रियों की संख्या को देखते हुए ट्रेन में 11 जनरल कोच होंगे। इसके अलावा 2 गार्ड कोच लगाए जाएंगे। इस तरह ट्रेन में कुल 13 कोच होंगे।

रेलवे का यह विशेष इंतजाम एकादशी के मौके पर खाटूश्यामजी जाने वाले श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए किया गया है।