राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ के लैटर पैड एवं फर्जी हस्ताक्षर का दुरूपयोग कर सिरोही के पिंडवाडा एसडीएम को पत्र लिखने का मामला सामने आया है। सांसद मदन राठौड़ के नाम पर कूटरचित दस्तावेज तैयार कर सरकारी ​अधिकारी को पत्र लिखने के मामले में सिरोही पुलिस अधीक्षक को शिकायत देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ के निजी सचिव प्रभु दयाल यादव की ओर से पुलिस अधीक्षक सिरोही को लिखे पत्र में बताया गया है कि किसी व्यक्ति द्वारा राज्यसभा सांसद एवं प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ के नाम से फर्जी लेटर पैड एवं हस्ताक्षर का दुरुपयोग करते हुए उपखंड अधिकारी, पिंडवाड़ा को 21 जुलाई 2026 को एक पत्र प्रेषित किया गया। उक्त पत्र  मोबाइल नंबर 7230977579 से संचालित व्हाट्सएप के माध्यम से भेजा गया।यादव ने बताया कि पत्र में सिरोही जिले की पिंडवाडा तहसील के स्वरूपगंज स्थित गरबा चौक मैन बाजार की अम्बिका मोजरी एंड चप्पल दुकान पर कार्रवाई करने की मांग की गई है। उक्त दुकान राजकीय माध्यमिक विद्यालय के सामने स्थित होना बताया गया और इसे अतिक्रमण की श्रेणी में बताते हुए हटाने की कार्रवाई के लिए उपखंड अधिकारी पिंडवाडा को पत्र लिखा गया है। राज्यसभा सांसद मदन राठौड़ की ओर से ऐसा कोई पत्र जारी नहीं किया गया है, 21 जुलाई को सांसद मदन राठौड़ संसद की कार्यवाही में उपस्थित थे। यादव ने दोषी व्यक्तियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने की मांग की गई है।