मुंबई और आसपास के इलाकों में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण  जनजीवन के साथ-साथ रेल यातायात  बुरी तरह प्रभावित हुआ है। पश्चिम रेलवे के मुंबई सेंट्रल डिवीजन में कई स्थानों पर रेलवे ट्रैक पर जलभराव हो गया है, जबकि मध्य रेलवे के मुंबई डिवीजन के घाट सेक्शन में भूस्खलन होने से ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ है। सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए रेलवे प्रशासन ने कई ट्रेनों को रद्द कर दिया है, जबकि अनेक ट्रेनों के रूट में बदलाव, आंशिक निरस्तीकरण और समय में परिवर्तन किया गया है। इसका असर लंबी दूरी की ट्रेनों पर भी पड़ा है, जिससे हजारों यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि मुंबई में लगातार हो रही बारिश और ट्रैक पर जलभराव के कारण पश्चिम रेलवे के मुंबई सेंट्रल डिवीजन तथा मध्य रेलवे के घाट सेक्शन में रेल संचालन बाधित हुआ है। इसी वजह से जयपुर-बांद्रा सहित कई महत्वपूर्ण ट्रेनों को रद्द किया गया है, जबकि कुछ ट्रेनों के मार्ग बदले गए हैं। वहीं जयपुर-मुंबई सेंट्रल सुपरफास्ट एक्सप्रेस (12956) 7 जुलाई को अपने निर्धारित समय दोपहर 2 बजे के बजाय करीब 5 घंटे की देरी से शाम 7 बजे रवाना होगी। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि स्टेशन के लिए रवाना होने से पहले अपनी ट्रेन का लेटेस्ट स्टेटस जरूर जांच लें, क्योंकि मौसम की स्थिति के मुताबिक  ट्रेनों के समय और संचालन में लगातार बदलाव किया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार, बारिश कम होने और ट्रैक से पानी हटने के बाद ही रेल सेवाएं सामान्य होने की उम्मीद है..