रायसेन जिले के ओबेदुल्लागंज में वार्ड क्रमांक 4 की सरकारी जमीन की अवैध खरीद-फरोख्त से जुड़े मामले में पुलिस ने 13 नामजद आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है। इस कार्रवाई के बाद पिछले सात दिनों से अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे भाजपा नेता और स्थानीय लोगों ने आंदोलन समाप्त कर दिया है।
कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक के निर्देश मिलने के बाद औबेदुल्लागंज थाने में यह कार्रवाई की गई। पुलिस के मुताबिक, सरकारी जमीन को सुनियोजित तरीके से बेचने और खरीदने के इस बहुचर्चित मामले में आगे की जांच जारी है।
सात दिन का धरना और यज्ञ
वार्ड क्रमांक 4 में सरकारी भूमि के सौदे का मामला सामने आने के बाद से ही स्थानीय स्तर पर रोष था। घटना के दो महीने बीत जाने के बाद भी प्रशासनिक कार्रवाई न होने पर भाजपा नेता बच्चन सिंह लोधी ने सात दिन पहले मोर्चा खोल दिया था।
विरोध का यह तरीका अनूठा रहा। धरने पर बैठे लोगों ने लगातार सात दिनों तक यज्ञ का आयोजन किया और आहुतियां देकर प्रशासन का ध्यान इस अनियमितता की ओर खींचा। आखिरकार मामला दर्ज होने की सूचना मिलते ही प्रदर्शनकारियों ने आतिशबाजी कर जश्न मनाया और धरना खत्म करने की घोषणा की।
जिन 13 लोगों पर केस दर्ज, उनके नाम
औबेदुल्लागंज पुलिस ने जिन 13 आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है, उनमें हरिसिंह, निखित मालवीय, मुकेश रैकवार, भूरियाबाई, मुकेश, प्रभा राय, विशाल सेन, कीर्ति सेन, राजेंद्र राठौर, छमा राठौर, दीपक, रानी और फूलचंद शामिल हैं।
एसडीओपी औबेदुल्लागंज सलिल शर्मा ने बताया कि कलेक्टर और एसपी के निर्देशों के तहत बीएनएसएस की धाराओं के अंतर्गत यह मामला पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस अब इस बात की पड़ताल कर रही है कि इस पूरी खरीद-फरोख्त में और कौन-कौन लोग शामिल थे। पूछताछ के बाद आरोपियों की संख्या और धाराएं दोनों बढ़ सकती हैं।
