मंदसौर जिले के भानपुरा थाना क्षेत्र स्थित दूधाखेड़ी माताजी मंदिर परिसर से एक युवती को जबरन बाइक पर बैठाकर ले जाने की कोशिश का मामला सामने आया है। अत्रांलिया गांव की रहने वाली यह युवती अपने माता-पिता के साथ मंदिर में दर्शन करने पहुंची थी, तभी वहां पहुंचे दो युवकों ने उसे जबरन वाहन पर खींचने का प्रयास किया।
घटना के तुरंत बाद सतर्क परिजनों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद गरोठ-भानपुरा पुलिस ने इलाके में नाकाबंदी कर दोनों आरोपियों को गरोठ न्यायालय के पास से युवती समेत दबोच लिया। पुलिस ने सुरक्षित बरामदगी के बाद युवती को उसके पिता के सुपुर्द कर दिया है।
एससी/एसटी एक्ट और अपहरण का केस दर्ज
फरियादी रामसिंह मेघवाल की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है। भानपुरा निवासी आरोपी मोहम्मद इनाम और अफरोज के खिलाफ अपहरण और एससी/एसटी एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।
शुरुआती जांच में आरोपियों और युवती के बीच पहले से बातचीत होने की बात सामने आई है। भानपुरा थाना प्रभारी विनय कुमार बुंदेला ने बताया कि सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई करते हुए टीम ने कोर्ट के पास से आरोपियों को धर दबोचा। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
